किसान अन्नदाता हैं, उनके प्रति वफादारी दिखाए भाजपा : सिंह

By भाषा | Published: July 27, 2021 05:31 PM2021-07-27T17:31:26+5:302021-07-27T17:31:26+5:30

Farmers are food donors, BJP should show loyalty to them: Singh | किसान अन्नदाता हैं, उनके प्रति वफादारी दिखाए भाजपा : सिंह

किसान अन्नदाता हैं, उनके प्रति वफादारी दिखाए भाजपा : सिंह

बलिया (उत्तर प्रदेश), 27 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी संजय सिंह ने किसानों को 'मवाली' कहे जाने पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि किसान अन्नदाता हैं और सत्तारूढ़ दल को उनके प्रति वफादारी दिखानी चाहिए।

सिंह ने सोमवार रात नगरा क्षेत्र में आप के पिछड़ा वर्ग हिस्सेदारी सम्मेलन कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा "किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले आठ महीने से सड़कों पर हैं और आंदोलन कर रहे 500 से ज्यादा किसानों की मौत भी हो चुकी है, मगर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी किसानों को मवाली कह रही हैं।"

उन्होंने भाजपा को 'भारतीय मवाली पार्टी' करार देते हुए कहा "कुत्ता भी जिसका खाता है उसके प्रति वफादारी दिखाता है। (भाजपा) अन्नदाता का दिया हुआ खा रहे हैं। उसके प्रति वफादारी भी दिखाएं।"

गौरतलब है कि विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पिछले गुरुवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा था, "वे किसान नहीं, मवाली हैं। इसका संज्ञान भी लेना चाहिए। ये आपराधिक गतिविधियां हैं। जो कुछ 26 जनवरी को हुआ वह भी शर्मनाक था। वे आपराधिक गतिविधियां थीं। उसमें विपक्ष की ओर से चीजों को बढ़ावा दिया गया।"

हालांकि बाद में मीनाक्षी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से समझा गया और शब्दों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया। अगर उनकी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो वह अपने शब्द वापस लेती हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Farmers are food donors, BJP should show loyalty to them: Singh

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे