कौशांबी में किसान की धारदार हथियार से हत्या
By भाषा | Published: April 3, 2021 11:41 AM2021-04-03T11:41:12+5:302021-04-03T11:41:12+5:30
कौशांबी (उप्र), तीन अप्रैल कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात खेत में सिंचाई करने गए एक किसान की कथित रूप से धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिपरी थाना क्षेत्र के बराव गांव का निवासी राम भजन (52) कल खेत में सिंचाई करने गया था। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में खेत की ओर गए।
पुलिस के अनुसार नलकूप के पास ही एक खेत में उसका रक्तरंजित शव पड़ा था। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने शनिवार को बताया कि परिजनों ने नामजद तहरीर दी है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया क़ि शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।