दिल्लीवासियों को शीत लहर से मिली मामूली राहत
By भाषा | Updated: December 22, 2021 20:42 IST2021-12-22T20:42:05+5:302021-12-22T20:42:05+5:30

दिल्लीवासियों को शीत लहर से मिली मामूली राहत
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से चल रहीं बर्फीली उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति धीमी पड़ने से बुधवार को दिल्ली में भी लोगों को शीत लहर से मामूली राहत मिली।
मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों को पूरे शहर का मानक माना जाता है
वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेधशाला में सोमवार और मंगलवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.2 डिग्री तथा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर के मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.6 डिग्री सेल्सियस, 4.2 डिग्री सेल्सियस, 6.7 डिग्री सेल्सियस और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मैदानी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने पर शीत लहर की घोषणा करता है। न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम या सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहने पर भी शीत लहर की घोषणा की जाती है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर पश्चिम भारत में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से सप्ताहांत तक तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। शनिवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में गत 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 407 रहा। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को भी 24 घंटे का औसत एक्यूआई 402 दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता में गिरावट दिल्ली-एनसीआर में निर्माण और ध्वस्तीकरण की गतिविधियों को मंजूरी देने के एक दिन बाद आई है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि 27 दिसंबर तक वायु गुणवत्ता के ‘बेहद खराब’ या ‘खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।