नई दिल्लीः आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट ने शनिवार, 28 मार्च की सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। दमकलकर्मियों को सुबह करीब 10:53 बजे आपातकालीन स्थिति की सूचना मिली। दमकल विभाग के अनुसार, सभी 161 यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इंडिगो की एक फ्लाइट विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से दिल्ली आ रही थी, तभी उसमें इंजन फेल होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। विमान आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
दिल्ली दमकल सेवा ने कहा कि दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की गई। दमकल विभाग को सुबह 10:53 बजे सूचना मिली। विभाग का कहना है कि विमान सुरक्षित उतर गया है।सूचना मिलते ही सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए दमकल गाड़ियां तुरंत हवाई अड्डे पर भेजी गईं। विमान में 161 यात्री सवार थे।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि विमान के इंजन में खराबी आई थी। हालांकि, इंडिगो ने अभी तक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है। लैंडिंग को सुगम बनाने के लिए रनवे 28 पर पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया था। एहतियात के तौर पर दमकल वाहन और एम्बुलेंस रनवे पर तैनात किए गए थे।