नई दिल्लीः सरकार द्वारा होली को 'शुष्क दिवस' की सूची से हटा दिए जाने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में शराब की दुकानें इस होली पर खुली रहेंगी। आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस वर्ष जनवरी में जारी किये गये एक आदेश के अनुसार, मार्च के अंत तक केवल गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती 'शुष्क दिवस’ (मद्य निषेध दिवस)' रहेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को रंगों के महापर्व होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनसे 'पर्यावरण अनुकूल' होली मनाने और प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करने का मंगलवार को आग्रह किया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने इस त्योहार को आपसी सद्भाव, प्रेम और एकता का प्रतीक बताते हुए दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दिल्ली के 134 चौराहों पर होगी निगरानी; शराब पीकर गाड़ी चलाने पर लाइसेंस हो सकता है निलंबित
दिल्ली यातायात पुलिस होली के दिन बुधवार को शहर भर के लगभग 134 प्रमुख चौराहों पर कर्मियों को तैनात करेगी और शराब पीकर गाड़ी चलाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जा सकता है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक विस्तृत यातायात परामर्श जारी करते हुए कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने, लापरवाही से और टेढ़ी-मेढ़ी दिशा में गाड़ी चलाने, लाल बत्ती पार करने, तीन लोगों को बैठाकर दो पहिया वाहन चलाने, बिना हेलमेट के वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों से स्टंट करने जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चौराहों और संवेदनशील रास्तों पर विशेष जांच दल तैनात किए जाएंगे।
होली से पहले दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन आघात' के तहत 204 गिरफ्तार
होली से पहले आदतन अपराधियों, अवैध शराब विक्रेताओं, मादक पदार्थों के तस्करों और अन्य उपद्रवियों के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन आघात' के तहत, दिल्ली पुलिस के दक्षिणी रेंज ने 204 लोगों को गिरफ्तार किया है और 973 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक प्रावधान लागू किए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण एवं दक्षिणपूर्वी जिलों में "खुफिया जानकारी के आधार पर" अभियान चलाया गया, जिसमें बुरे तत्वों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की गई।