दिल्ली की अदालत ने अर्जुन पुरस्कार विजेता खजान सिंह को दुष्कर्म के आरोप से मुक्त किया

By भाषा | Updated: September 30, 2021 19:05 IST2021-09-30T19:05:16+5:302021-09-30T19:05:16+5:30

Delhi court acquits Arjuna awardee Khajan Singh of rape charges | दिल्ली की अदालत ने अर्जुन पुरस्कार विजेता खजान सिंह को दुष्कर्म के आरोप से मुक्त किया

दिल्ली की अदालत ने अर्जुन पुरस्कार विजेता खजान सिंह को दुष्कर्म के आरोप से मुक्त किया

नयी दिल्ली, 30 सितंबर दिल्ली की एक अदालत ने अर्जुन परस्कार व एशियाई खेलों में पदक विजेता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) के मुख्य खेल अधिकारी खजान सिंह और एक अन्य व्यक्ति को एक महिला कांस्टेबल द्वारा दर्ज कराए गए कथित दुष्कर्म के मामले से बरी कर दिया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसने “गुस्से में आकर” आरोप लगा दिए थे।

महिला (30) ने आरोप लगाया था कि खजान और निलंबित कोच सरजीत सिंह केरिपुब के भीतर सेक्स रैकेट चला रहे थे, 2014 से 2017 के बीच तीन साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी नग्न तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। उसने नवंबर 2020 में शिकायत दर्ज कराई थी।

बाद में उसने बयान वापस ले लिया और कहा कि उसने टीम के एक सदस्य के साथ बहस करने के लिए अनुशासनहीनता के आधार पर विभाग की कुश्ती टीम से निकाले जाने के बाद गुस्से में शिकायत दर्ज कराई थी।

महिला ने बयान दिया कि सरजीत उस जांच दल के सदस्य थे जिसने उसे कुश्ती स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए अयोग्य ठहराया था और खजान केरिपुब विभाग में मुख्य खेल अधिकारी थे।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश कुमार शर्मा ने दोनों को बरी करते हुए कहा कि उसकी गवाही से यह स्पष्ट है कि आरोपी व्यक्ति द्वारा किसी भी समय उसके साथ न तो दुष्कर्म किया गया था और न ही उसे धमकी दी गई थी।

न्यायाधीश ने 16 सितंबर के आदेश में आगे कहा कि लोक अभियोजक द्वारा उससे जिरह के बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई साक्ष्य सामने नहीं आया।

अदालत ने कहा, “शिकायतकर्ता ने अपने बयान में स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर शिकायत की थी। उसने इस तथ्य को स्वीकार किया कि उसे उसके सहयोगियों ने उकसाया था। उसके बयान को देखते हुए आरोपी को उसके साथ बलात्कार करने का दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। इसलिए, आरोपी बरी हो जाता है।”

खजान सिंह ने 1986 के सियोल एशियाई खेलों में 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीता था, जो 1951 के बाद से तैराकी में भारत का पहला पदक था।

केरिपुब ने खजान सिंह और सरजीत सिंह को प्रारंभिक जांच के बाद महिला कर्मियों के यौन उत्पीड़न के दोषी पाए जाने के बाद अप्रैल में निलंबित कर दिया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Delhi court acquits Arjuna awardee Khajan Singh of rape charges

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे