कांग्रेस ने अजय मिश्रा की बर्खास्तगी और उनके पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की

By भाषा | Published: October 4, 2021 05:47 PM2021-10-04T17:47:31+5:302021-10-04T17:47:31+5:30

Congress demands Ajay Mishra's dismissal and his son's arrest | कांग्रेस ने अजय मिश्रा की बर्खास्तगी और उनके पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की

कांग्रेस ने अजय मिश्रा की बर्खास्तगी और उनके पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की

नयी दिल्ली, चार अक्टूबर कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में हुई हिंसा में चार किसानों की मौत की घटना को लेकर सोमवार को भाजपा पर निशाना साधा और मांग की कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने के साथ उनके पुत्र को गिरफ्तार किया जाए।

पार्टी ने महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने को भी गैरकानूनी कदम करार दिया और कहा कि प्रियंका को तत्काल रिहा कर, हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने के लिए जाने दिया जाए तथा पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि इस घटना को लेकर वह मंगलवार को देश भर में जिला अधिकारियों के कार्यालयों का घेराव करेगी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ‘‘लखीमपुर की घटना से तय है कि भाजपा को किसान बिल्कुल पसंद नहीं हैं। वह किसानों को कुचल देना चाहती है। यह सरकार का तानाशाही वाला रुख है।’’

बघेल ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया, ‘‘‘मैंने लखनऊ जाना चाहा तो मुझे वहां उतरने की अनुमति नहीं दी गई। विभिन्न दलों के नेताओं को नजरबंद कर दिया गया या फिर गिरफ्तार कर लिया गया। क्या उत्तर प्रदेश में आम नागरिक के अधिकार छीन लिए गए हैं? क्या उत्तर प्रदेश में जाने के लिए पासपोर्ट और वीजा की जरूरत है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह साधारण घटना नहीं, बल्कि सीधे-सीधे हत्या है। सबसे पहले गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त किया जाए। एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।’’

लखीमपुर खीरी के तिकोनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद सोमवार को तड़के मौके पर जा रहीं प्रियंका गांधी वाद्रा को रास्ते में सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया।

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा सरकार किसानों को कुचलने की राजनीति कर रही है, किसानों को खत्म करने की राजनीति कर रही है।’’

प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रियंका, मैं जानता हूं कि तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।’’

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उत्तर प्रदेश में जंगलराज होने का आरोप लगाया और कहा कि इतनी बड़ी घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आना ‘शर्मनाक’ है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रियंका जी को गैरकानूनी ढंग से हिरासत में लिया गया है। जिन पुलिस वालों ने उनके साथ बदसलूकी की है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि प्रियंका गांधी जी को रिहा किया जाए और उन्हें किसानों के परिवारों से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी जाने दिया जाए। मारे गए किसानों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। गृह राज्य मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनके पुत्र को गिरफ्तार किया जाए।’’

शुक्ला ने यह भी कहा, ‘‘किसानों के अलावा, और भी कुछ लोगों की मौत हुई हैं, उनकी भी जांच होनी चाहिए। क्या किसानों को बदनाम करने के लिए ये हत्याएं की गईं? इसकी भी जांच होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस मंगलवार को हर जिले में जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। हम देशव्यापी आंदोलन करेंगे। इसे लेकर कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक आंदोलन किया जाएगा।’’

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Congress demands Ajay Mishra's dismissal and his son's arrest

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे