चंडीगढ़ नगर निगमः भाजपा ने कांग्रेस को दिया झटका, पार्षद हरप्रीत कौर बबला अपने पति और कांग्रेस नेता देविंदर के साथ बीजेपी में
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 2, 2022 20:43 IST2022-01-02T20:42:05+5:302022-01-02T20:43:27+5:30
Chandigarh Congress Municipal Corporation- नगर निगम के 35 वार्ड में से आम आदमी पार्टी ने 14 पर जीत दर्ज की जबकि भाजपा ने 12, कांग्रेस ने आठ और शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट जीती।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे 27 दिसंबर को घोषित किये गए थे।
चंडीगढ़ः चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। नतीजे आने के कुछ दिन बाद कांग्रेस की टिकट पर जीत दर्ज करने वाली पार्षद हरप्रीत कौर बबला रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।
नए पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम भवन की दर्शक दीर्घा में स्थानीय पार्टी अध्यक्ष सुभाष चावला और पूर्व नेता प्रतिपक्ष देविंदर सिंह बबला के बीच करीब-करीब मारपीट हो जाने से कांग्रेस में कलह खुल गई है। पूर्व पार्षद बबला जिनकी पत्नी इस बार महिलाओं के लिए आरक्षित एक वार्ड से पार्षद हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में वार्ड संख्या 10 से पार्षद बनीं हरप्रीत ने अपने पति और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देविंदर बबला के साथ भाजपा का दाम थाम लिया। इस मौके पर स्थानीय सांसद किरण खेर, भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण सूद और वरिष्ठ नेता संजय टंडन भी मौजूद थे।
खट्टर ने हरप्रीत और उनके पति का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया और कहा कि यह खुशी की बात है कि दोनों ने कांग्रेस को छोड़ दिया। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे 27 दिसंबर को घोषित किये गए थे, जिसमें खंडित जनादेश सामने आया है। निगम के 35 वार्ड में से आम आदमी पार्टी ने 14 पर जीत दर्ज की जबकि भाजपा ने 12, कांग्रेस ने आठ और शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट जीती।