रांचीः केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड में आयोजित खेलोत्सव 2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान अलग-अलग स्कूलों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लड़कों के फुटबॉल फाइनल में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेस के बीच मुकाबला हुआ। कड़े संघर्ष के बाद स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। वहीं लड़कियों की कबड्डी के फाइनल में स्कूल ऑफ सोशल साइंसेस और स्कूल फॉर द स्टडी ऑफ कल्चर के बीच मुकाबला हुआ।
इसमें स्कूल फॉर द स्टडी ऑफ कल्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीत लिया। लड़कों के वॉलीबॉल फाइनल में स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेस और स्कूल ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज मैनेजमेंट के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेस विजेता बना। वहीं लड़कियों के वॉलीबॉल फाइनल में स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेस और स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेस की टीमें रहीं।
लड़कियों के बैडमिंटन सिंगल्स में स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज ने स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेस को हराकर जीत हासिल की, जबकि स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन ने स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेस के खिलाफ मुकाबला जीत लिया। लड़कियों के बैडमिंटन डबल्स में स्कूल ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज मैनेजमेंट और स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेस की टीमें फाइनल में पहुंचीं।
वहीं लड़कों के बैडमिंटन डबल्स के फाइनल में स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने जगह बनाई। खेलोत्सव 2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और उत्साह साफ देखने को मिला, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।