नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध पूरे देश में किया जा रहा है। इस बीच राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक का विवाद खड़ा कर देने वाला बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को देश का दुश्मन करार दिया है। दरअसल, कांग्रेस इस कानून का लगातार विरोध कर रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, 'बीजेपी विधायक मदन दिलावर ने कहा, 'जो लोग देश को जला रहे हैं और नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत पुलिस को मार रहे हैं और जो लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, वे देश के दुश्मन हैं, चाहे वह सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी या फिर राहुल गांधी ही क्यों न हों।' मदन दिलावर ने यह टिप्पणी बीते दिन सोमवार (30 दिसंबर) को की।
उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें इस देश में रहने का अधिकार नहीं है। अगर वे पाकिस्तान से प्यार करते हैं तो उन्हें वहां जाना चाहिए, अगर उन्हें बांग्लादेश से प्यार है तो उन्हें वहां जाना चाहिए और अगर दोनों देश उन्हें नहीं चाहते हैं, तो वे हिंद महासागर में डूब सकते हैं।'
उन्होंने कहा, 'कांग्रेस वोटबैंक की राजनीति के चक्कर में लोगों में भ्रम फैला रही है। इस कानून का विरोध करके कांग्रेस ने एक बार पुनः सिद्ध कर दिया है कि उनका गांधी जी के वचन, भावना और दर्शन से कोई संबंध नहीं है।'