नई दिल्लीः भारत चुनाव आयोग ने 5 राज्यों/UTs में असेंबली इलेक्शन की तारीखों का ऐलान किया है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को छह राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों का कार्यक्रम घोषित किया। नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कुमार ने बताया कि गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। उन्होंने आगे बताया कि गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 23 अप्रैल को होंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने बताया कि सभी आठ सीटों के मतों की गिनती 4 मई को होगी।
उपचुनावों का पूरा कार्यक्रम-
गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा-
अधिसूचना: 16 मार्च
नामांकन की अंतिम तिथि: 23 मार्च
जांच: 24 मार्च
नाम वापसी: 26 मार्च
मतदान: 9 अप्रैल
गुजरात और महाराष्ट्र
अधिसूचना: 30 मार्च
नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अप्रैल
जांच: 7 अप्रैल
नाम वापसी: 9 अप्रैल
मतदान: 23 अप्रैल
सभी उपचुनावों के लिए मतगणना 4 मई को होगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया। असम, केरल और पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा।
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की सभी 824 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होगी। कुमार ने बताया, “असम की सभी सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा।
केरल और पुडुचेरी की सभी सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु की सभी सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।” कुमार के साथ दो निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद थे।