सीमा पर झड़प का नशे की तस्करी, पशु तस्करी से कोई संबंध नहीं है : मिजोरम के गृह मंत्री
By भाषा | Updated: July 31, 2021 22:46 IST2021-07-31T22:46:07+5:302021-07-31T22:46:07+5:30

सीमा पर झड़प का नशे की तस्करी, पशु तस्करी से कोई संबंध नहीं है : मिजोरम के गृह मंत्री
आइजोल, 31 जुलाई मिजोरम के गृह मंत्री लालचामलियाना ने शनिवार को कहा कि असम के साथ हाल में सीमा विवाद का नशे की तस्करी या पशु तस्करी से कोई लेना-देना नहीं है और घटना में ‘राज्येत्तर तत्वों’ की संलिप्तता से उन्होंने इंकार किया।
उन्होंने कहा कि राज्य के जमीन की रक्षा और मिजो लोगों की पुश्तैनी जमीन को बचाने के लिए संघर्ष एक ना टाला जा सकने वाला जवाबी उपाय था। उन्होंने कहा कि दशकों से असम की ‘‘उग्रता एवं अतिक्रमण’’ के कारण यहां के इलाके पर खतरा था।
गृह मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नशे की तस्करी और पशु तस्करी का सीमा संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है और घटना में राज्येत्तर तत्वों की संलिप्तता नहीं थी। कोई जिम्मेदार सरकार कैसे राज्येत्तर तत्वों से प्रभावित हो सकती है या उनसे हाथ मिला सकती है?’’
उन्होंने कहा कि सीमा विवाद में पहले कुछ छात्र संगठनों की असम पुलिस से झड़प हुई थी लेकिन हाल की घटना में इस तरह का कोई संगठन शामिल नहीं था।
असम और मिजोरम के बीच 26 जुलाई को अंतर राज्यीय सीमा संघर्ष में असम पुलिस के छह कर्मी और एक नागरिक मारे गए तथा कई लोग घायल हुए थे।
बहरहाल, मिजोरम के गृह मंत्री ने इस बात से इंकार नहीं किया कि वायरेंगटे के कुछ नागरिक संघर्ष के दौरान मौजूद थे लेकिन कहा कि उस दौरान असम के आम लोग भी वहां मौजूद थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।