बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक विनय बिहारी ने शपथ लेते वक्त गाने लगे गाना, सदन में मौजूद विधायकों में मुस्कुराहट की लहर दौड़ी
By एस पी सिन्हा | Updated: December 2, 2025 15:54 IST2025-12-02T15:54:39+5:302025-12-02T15:54:39+5:30
हुआ कुछ यूं कि जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने विनय बिहारी का नाम पुकारा, उन्होंने औपचारिक शपथ से पहले भोजपुरी में कविता सुनाना शुरू कर दिया। यह दृश्य देखकर सदन में मौजूद विधायकों में मुस्कुराहट की लहर दौड़ गई।

बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक विनय बिहारी ने शपथ लेते वक्त गाने लगे गाना, सदन में मौजूद विधायकों में मुस्कुराहट की लहर दौड़ी
पटना:बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को बाकी बचे विधायकों ने शपथ ली। इसी क्रम में लोरिया सीट से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक विनय बिहारी की शपथ ग्रहण प्रक्रिया चर्चा का विषय बन गई। विनय बिहारी ने शपथ लेने से पहले भोजपुरी कविता के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसके बाद सदन में हंसी और ताली से माहौल खुशनुमा हो गया। खास बात यह कि इस भोजपुरी गायक के पीछे लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर बैठी हुई थीं जो दरभंगा के अलीनगर से विधायक चुनी गई हैं। हुआ कुछ यूं कि जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने विनय बिहारी का नाम पुकारा, उन्होंने औपचारिक शपथ से पहले भोजपुरी में कविता सुनाना शुरू कर दिया।
यह दृश्य देखकर सदन में मौजूद विधायकों में मुस्कुराहट की लहर दौड़ गई। दरअसल, जैसे ही स्पीकर ने विनय बिहारी का नाम पुकारा, उन्होंने शपथ से पहले अचानक भोजपुरी में कविता सुनानी शुरू कर दी। यह देखकर सदन में मौजूद कई विधायक हंस पड़े। जब विनय बिहारी ने गाना गाने के पक्ष में दलील दी तो विपक्ष के कुछ सदस्यों ने चुटकी ली। इस पर विनय बिहार ने तपाक से कहा- गाना गाकर विधायक बने हैं तो अब शपथ में भी गाना जोड़ दिया।
मजाक का पल और बढ़ा और टिप्पणियां हुईं तो विनय बिहारी मुस्कुराते हुए बोले- बिल्कुल सही बात है, मैं गाना गाकर ही विधायक बना हूं, इसलिए शपथ से पहले भोजपुरी कविता सुनाए। लगता है यहां कुछ लोगों को भोजपुरी पसंद नहीं। उनकी इस टिप्पणी ने सदन में और ठहाके गूंजा दिए। हंसी-मजाक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने हंसते हुए कहा कि विधायक जी, अभी सिर्फ शपथ लीजिए भाषण बाद में दीजिए। इसके बाद विनय बिहारी ने औपचारिक रूप से शपथ ली और रजिस्टर में हस्ताक्षर किया।
विनय बिहारी के इस अंदाज की मीडिया और सोशल मीडिया में चर्चा हो रही है। सत्र के शेष दिनों में यह देखा जाना बाकी है कि क्या विनय बिहारी जैसी अनोखी घटनाएं और भी सामने आती हैं या नहीं। फिलहाल, उनके भोजपुरी कविता के साथ शपथ ग्रहण का यह पल विधानसभा इतिहास में एक मजेदार और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण घटना के रूप में दर्ज हो गया है।