भाजपा फैला रही है झूठ, रैलियां आयोजित कर लोगों की हत्याएं करवा रही : ममता
By भाषा | Published: December 8, 2020 05:23 PM2020-12-08T17:23:01+5:302020-12-08T17:23:01+5:30
रानीगंज (पश्चिम बंगाल), आठ दिसंबर सिलीगुड़ी में प्रदर्शन मार्च के दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता की मौत के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि ‘‘भगवा पार्टी अपनी रैलियों में लोगों को मार रही है।’’
भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ता उलेन रॉय की हत्या के विरोध में और उत्तर बंगाल में राज्य सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ तक सोमवार के मार्च के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर मंगलवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था।
बनर्जी ने रानीगंज में जनसभा में आरोप लगाया, ‘‘भाजपा झूठ फैलाने में लिप्त है। वह लोगों की हत्याएं करवा रही है। वह धरना, रैली कर लोगों की हत्याएं करवा रही है। ’’
बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को सरकारी नियंत्रण वाली कोयला खदानों को बेचने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने कहा, ‘‘कोयला माफिया भगवा पार्टी के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने पेशकश की थी कि अवैध (कोयला) खदानों को केंद्र और राज्य साथ मिलकर कानूनी मंजूरी दे। हालांकि केंद्र सरकार ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।