BJP-CONGRESS News: भाजपा नेता रमेश राठौड़ और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास नहीं रहे, शोक की लहर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 29, 2024 18:10 IST2024-06-29T18:07:46+5:302024-06-29T18:10:04+5:30
BJP-CONGRESS News: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार और अन्य नेताओं ने रमेश राठौड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया।

सांकेतिक फोटो
BJP-CONGRESS News: भाजपा नेता और आदिलाबाद से पूर्व लोकसभा सदस्य रमेश राठौड़ का शनिवार को निधन हो गया। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। वह 57 वर्ष के थे। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। परिवार के सूत्रों ने बताया कि गुर्दे की बीमारी से पीड़ित राठौड़ का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज हो रहा था और दो दिन पहले वह आदिलाबाद लौटे थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राठौड़ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनका निधन हो गया। सूत्रों ने कहा कि रविवार को राठौड़ का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार और अन्य नेताओं ने रमेश राठौड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि रमेश राठौड़ ने राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। राठौड़ के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि भाजपा नेता ने पिछले साल तेलंगाना विधानसभा चुनाव और हाल के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए काम किया था।
चंद्रबाबू नायडू ने तेदेपा के साथ राठौड़ के जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा सदस्य, विधायक और जिला परिषद के अध्यक्ष के रूप में लोगों की सेवा की। तेदेपा के साथ रहे राठौड़ भाजपा में शामिल होने से पहले भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस में भी रहे थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी श्रीनिवास का निधन
कांग्रेस की आंध्र प्रदेश (अविभाजित) इकाई के पूर्व अध्यक्ष डी श्रीनिवास का शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। श्रीनिवास के पुत्र और निजामाबाद से सांसद डी अरविंद ने उनके निधन की सूचना दी। श्रीनिवास के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता पिछले कुछ दिन से बीमार थे। श्रीनिवास 2004 और 2009 के विधानसभा और आम चुनावों के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे।
वह पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी की कैबिनेट में मंत्री भी थे। वह कांग्रेस छोड़कर 2016 में बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) में शामिल हो गए थे और 2016 से 2022 तक राज्यसभा सदस्य रहे थे तथा बाद में वह कांग्रेस में लौट आए थे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, राज्य के मंत्रियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने श्रीनिवास के निधन पर शोक व्यक्त किया है।