पटनाः राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद एक बार फिर से राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, राज्यसभा चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद तेजस्वी यादव कोलकाता के लिए रवाना हो गए। जिसके बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी रहे वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। पूर्व सांसद शिवानन्द तिवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “पराजय से ज़्यादा बुरा है पराजय के उपरांत मैदान छोड़ देना। सुना है तेजस्वी कोलकाता के लिए निकल गए।
इसके पूर्व विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी उन्होंने बिहार छोड़ दिया था। बीबी-बच्चों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यूरोप की यात्रा पर निकल गए थे। पराजय के बाद रण छोड़ देने वाले नेताओं के साथ उनके समर्थक नहीं टिकते हैं। दरअसल, बिहार की पांच सीटों के लिए हुए राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है।
चार सीट पर तो एनडीए की जीत तय मानी जा रही थी लेकिन एक सीट पर कांटे की टक्कर हुई हालांकि इसमें राजद उम्मीदवार एडी सिंह की हार हो गई और पांचों सीटें एनडीए के खाते में चली गईं। बता दें कि पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी महागठबंधन और राजद की करारी हार हुई थी।
इस बुरी हार को तेजस्वी यादव बर्दाश्त नहीं कर पाए थे और बिहार छोड़कर चले गए थे। विधानसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से तेजस्वी कहां चले गए इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। तब भी शिवानंद तिवारी ने इसको लेकर सवाल उठाए थे और उन्हें मैदान छोड़ने वाले नेता बताया था।