पटनाः राजद वीधायक भाई वीरेन्द्र मंगलवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए राज्यसभा चुनाव की रणनीति को लेकर स्पष्ट किया कि पार्टी अपने उम्मीदवारों की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने दावा किया कि राजद उम्मीदवार के पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है। भाई वीरेन्द्र ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हमारे पास अब 41 विधायकों का समर्थन हो चुका है। हमारा जो पांचवां उम्मीदवार है, वह सीट हमारी है और हम उसे निश्चित रूप से जीतेंगे। उनके इस आत्मविश्वास ने बिहार की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।
भाई वीरेंद्र से जब यह पूछा गया कि निर्विरोध चुनाव के बजाय मतदान की नौबत क्यों आई, तो उन्होंने बेहद आक्रामक और विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज देश की दिशा और राज्यों की सत्ता तय करने वाले लोग 'जिंदा चमड़े के सप्लायर' बन गए हैं। जब सत्ता के गलियारों में ऐसे लोग सक्रिय होंगे, तो चुनाव की ऐसी ही चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा होगी।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि सभी समान विचारधारा वाले लोग साथ आएंगे। हालांकि एआईएमआईएम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजद विधायक का मानना है कि चुनाव के समय विपक्षी एकजुटता देखने को मिलेगी और उनका खेमा मजबूत होगा।
भाई वीरेंद्र ने अंत में दोहराया कि राजद की तैयारी पूरी है और वे किसी भी हाल में अपनी सीट को हाथ से जाने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि आज की बैठक के बाद रणनीति और भी स्पष्ट हो जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके इस तीखे बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और भी तेज हो सकती है।