Bihar Lok Sabha Elections 2024: 4 जून को केंद्र में सरकार बदलेगी, बहुमत के निशान से नीचे भाजपा, कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा-इंडिया गठबंधन के लिए "रुझान बेहद उत्साहजनक"
By एस पी सिन्हा | Published: May 24, 2024 05:14 PM2024-05-24T17:14:00+5:302024-05-24T17:16:20+5:30
Bihar Lok Sabha Elections 2024: भाजपा के गढ़ों में मतदान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। यह भी विश्वास जताया कि 4 जून को मतगणना के दिन केंद्र में सरकार बदल जाएगी।
Bihar Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के बाद देश भर में विपक्षी इंडिया गठबंधन के लिए "रुझान बेहद उत्साहजनक है।" यह दावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को पटना के सदाकत आश्रम में किया। उन्होंने कहा कि भाजपा बहुमत के निशान से काफी नीचे चली जाएगी। हम इंडिया गठबंधन द्वारा जीती जाने वाली सीटों की संख्याओं का उल्लेख नहीं करने जा रहे हैं। लेकिन मैं कहूंगा कि जो रुझान हम देख रहे हैं वह इंडिया गठबंधन के लिए बेहद उत्साहजनक है।
शशि थरूर ने कहा कि इंडिया गठबंधन के लिए ऐसा देश के किसी एक क्षेत्र में नहीं बल्कि हर जगह है। हम अपने उम्मीदवारों के प्रति उल्लेखनीय उत्साह और भाजपा के प्रति उत्साह की उल्लेखनीय कमी देख रहे हैं। कई मामलों में भाजपा के गढ़ों में मतदान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि 4 जून को मतगणना के दिन केंद्र में सरकार बदल जाएगी।
4 जून को दिल्ली में सत्ता परिवर्तन का विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि इस समय सरकार में भाजपा के पास लोकसभा में 303 का बहुमत है। लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि वे सत्ता से जा रहे हैं।" बहुमत के आंकड़े से भाजपा काफी नीचे है। उनका मौजूदा गठबंधन एनडीए भी उन्हें बहुमत तक पहुंचने में मदद करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।
कांग्रेस के बड़े नेताओं के द्वारा बिहार में चुनाव प्रचार कम करने वाले सवाल पर शशि थरूर ने कहा कि हमारे पास मजबूत कैंपेन करने वाले लोगों में तेजस्वी यादव हैं जो कई जनसभा रैली कर रहे हैं। ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ कि राहुल गांधी बार-बार बिहार दौरे पर जाएं। वहीं चुनाव आयोग को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से पारदर्शी होना बहुत ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का सम्मान करते हैं और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि देश की जनता के मन की जो सवाल है, उसका जवाब चुनाव आयोग दे ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उल्लेखनीय है कि पूरे चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी केवल भागलपुर में ही एक बार चुनावी सभा को संबोधित किया। वहीं पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बिहार में उस तरह से सक्रिय नहीं दिखे, जैसे वे अन्य राज्यों में गए।