बिहार लोकसभा चुनाव परिणाम 2019: गिरिराज सिंह को मिली सबसे बड़ी जीत, जानें किस सीट से कौन जीता
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 24, 2019 09:00 IST2019-05-24T09:00:49+5:302019-05-24T09:00:58+5:30
बीजेपी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने पांच पार्टियों के महागठबंधन को करारी मात देते हुए राज्य की कुल 40 सीटों में 39 पर जीत दर्ज की है। महागठबंधन सिर्फ किशनगंज लोकसभा सीट जीतने में सफल रही।

बिहार ने बीजेपी ने 17, जेडीयू ने 16 और लोजपा ने 6 सीटों पर जीत हासिल की है।
लोकसभा चुनाव 2019 में पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए ने बिहार में पांच पार्टियों वाले महागठबंधन को करारी मात दी है। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें है, किशन गंज को छोड़कर एनडीए सभी सीटों पर विजयी रही। कांग्रेस के मोहम्मद जावेद महागठबंधन के एकमात्र उम्मीदवार हैं जिन्हें जीत हासिल हुई है। वह किशनगंज लोकसभा सीट से जीते हैं।
बिहार विधानसभा में मुख्य विपक्षी राजद तो अपना खाता भी नहीं खोल सकी। राजद को 2014 के लोकसभा चुनावों में चार सीटें मिली थीं। पटना साहिब सीट पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा को 2.84 लाख से अधिक वोटों से हराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कटु आलोचक सिन्हा इस सीट से दो बार सांसद रहे हैं। वह करीब एक महीने पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
बेगूसराय सीट पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाकपा उम्मीदवार कन्हैया कुमार को चार लाख से अधिक वोटों से हराया। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में नवादा सीट से जीत दर्ज करने वाले गिरिराज को इस बार भाजपा ने बेगूसराय से अपना उम्मीदवार बनाया था। शुरू में वह बेगूसराय से चुनाव लड़ने को लेकर अनिच्छुक थे। गिरिराज को बेगूसराय में डाले गए कुल 12.17 लाख वोटों में से 6.88 लाख वोट मिले। जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष पद पर रहने के दौरान राजद्रोह के एक मुकदमे में गिरफ्तार किए जाने से पहली बार चर्चा में आए कन्हैया को 2.68 लाख वोट मिले। साल 2014 में बेगूसराय सीट पर दूसरे नंबर पर रहे राजद नेता और महागठबंधन उम्मीदवार तनवीर हसन को महज 1.97 लाख वोट मिले और वह तीसरे पायदान पर रहे।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार राज कुमार सिंह को आरा जबकि अश्विनी कुमार चौबे को बक्सर सीट पर जीत मिली। सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाकपा-माले के उम्मीदवार राजू यादव को 1.41 लाख वोटों से हराया जबकि चौबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं राजद के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह को 1.15 लाख वोटों से हराया। केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह पूर्वी चंपारण की अपनी सीट पर फिर से जीत हासिल करने में सफल रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं रालोसपा उम्मीदवार आकाश सिंह को तीन लाख से अधिक वोटों से पराजित किया।
राजग से नाता तोड़ने से पहले मोदी मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काराकाट सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं जदयू उम्मीदवार महाबलि सिंह से हार गए। केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव पाटलीपुत्र सीट पर राजद की उम्मीदवार मीसा भारती को हराया। राज्यसभा सदस्य मीसा राजद प्रमुख लालू प्रसाद की सबसे बड़ी बेटी हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर कटिहार लोकसभा सीट पर जदयू के दुलाल चंद्र गोस्वामी के हाथों करीब 57,000 वोटों से हार गए। समस्तीपुर लोकसभा सीट से लोजपा के उम्मीदवार रामचंद्र पासवान ने कांग्रेस के अशोक कुमार को 1.5 लाख से अधिक वोटों से हराया है। अररिया में भाजपा ने प्रदीप कुमार सिंह ने राजद के सरफराज आलम को हराया है। भागलपुर सीट पर जदयू उम्मीदवार अजय मंडल ने इस सीट से सांसद रहे राजद उम्मीदवार शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को 2.66 लाख वोटों से हराया है।
पांच साल पहले बुलो मंडल ने भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को भागलपुर सीट पर मात दी थी। गोपालगंज (आरक्षित) सीट पर जदयू के आलोक कुमार सुमन ने राजद के सुरेंद्र राम को हराया। इस सीट पर 2014 में भाजपा के जनक राम ने जीत दर्ज की थी। खगड़िया सीट पर लोजपा के मौजूदा सांसद महबूब अली कैसर ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश सहनी को 2.45 लाख वोटों से हराया।
जमुई से लोजपा उम्मीदवार चिराग पासवान ने रालोसपा के उम्मीदवार भूदेव चौधरी को 2,41,049 वोटों से हराया। लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान के बेटे चिराग दूसरी बार जमुई (आरक्षित) सीट से जीते हैं। राजग में शामिल लोजपा ने बिहार की छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और इन सभी पर उसे जीत मिली।
लोकसभा सीट | विजयी उम्मीदवार | पार्टी | जीत का अंतर | ||
अररिया | प्रदीप कुमार सिंह |
| 137241 | ||
आरा | आर० के० सिंह |
| 147285 | ||
औरंगाबाद | सुशील कुमार सिंह | भारतीय जनता पार्टी | 72607 | ||
बाँका | गिरिधारी यादव | जेडीयू | 200532 | ||
बेगूसराय | गिरिराज सिंह | बीजेपी | 422217 | ||
भागलपुर | अजय कुमार मंडल | जेडीयू | 277630 | ||
बक्सर | अश्विनी कुमार चौबे | बीजेपी | 117609 | ||
दरभंगा | गोपाल जी ठाकुर | बीजेपी | 267979 | ||
गया (अ.जा.) | विजय कुमार | जेडीयू | 152426 | ||
गोपालगंज (अ.जा.) | डा0 आलोक कुमार सुमन | जेडीयू | 286434 | ||
हाजीपुर (अ.जा.) | पशुपति कुमार पारस | लोजपा | 205449 | ||
जहानाबाद | चन्देश्वर प्रसाद | जेडीयू | 1751 | ||
जमुई (अ.जा.) | चिराग कुमार पासवान | लोजपा | 241049 | ||
झंझारपूर | रामप्रित मंडल | जेडीयू | 322951 | ||
काराकाट | महाबली सिंह | जेडीयू | 84542 | ||
कटिहार | दुलाल चन्द्र गोस्वामी | जेडीयू | 57203 | ||
खगड़िया | चौधरी महबूब अली कैसर | लोजपा | 248570 | ||
किशनगंज | डा० मुहम्मद जावेद | कांग्रेस | 34466 | ||
मधेपुरा | दिनेश चन्द्र यादव | जेडीयू | 301527 | ||
मधुबनी | अशोक कुमार यादव | बीजेपी | 454940 | ||
महराजगंज | जनार्दन सिंह 'सिग्रीवाल" | बीजेपी | 230772 | ||
मुंगेर | राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह | जेडीयू | 167937 | ||
मुजफ्फरपुर | अजय निषाद | बीजेपी | 409988 | ||
नालन्दा | कौशलेन्द्र कुमार | जेडीयू | 256137 | ||
नवादा | चन्दन सिंह | लोजपा | 148072 | ||
पश्चिम चम्पारण | डाo संजय जायसवाल | बीजेपी | 293906 | ||
पाटलिपुत्र | राम कृपाल यादव | बीजेपी | 39321 | ||
पटना साहिब | रवि शंकर प्रसाद | बीजेपी | 284657 | ||
पूर्णियॉं | संतोष कुमार | जेडीयू | 263461 | ||
पूर्वी चम्पारण | राधा मोहन सिंह | बीजेपी | 293648 | ||
समस्तीपुर (अ.जा.) | रामचन्द्र पासवान | लोजपा | 251643 | ||
सारण | राजीव प्रताप रूडी | बीजेपी | 138429 | ||
सासाराम (अ.जा.) | छेदी पासवान | बीजेपी | 165745 | ||
शिवहर | रमा देवी | बीजेपी | 340360 | ||
सीतामढ़ी | सुनिल कुमार पिन्टू | बीजेपी | 250539 | ||
सिवान | जेडीयू | कविता सिंह | 116958 | ||
सुपौल | दिलेश्वर कामैत | जेडीयू | 266853 | ||
उजियारपुर | नित्यानन्द राय | बीजेपी | 277278 | ||
वैशाली | वीणा देवी | लोजपा | 234584 | ||
वाल्मीकिनगर | बैद्यनाथ प्रसाद महतो | जेडीयू | 354616 |