बिहार: पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर फिर से साधा निशाना, कहा-पीएम बनने के लिए बेचैन हैं

By एस पी सिन्हा | Updated: October 17, 2022 14:46 IST2022-10-17T14:46:51+5:302022-10-17T14:46:51+5:30

नीतीश कुमार पर राजद विधायक सुधाकर सिंह एक बार फिर हमलावर हैं। उन्होंने बिना नाम लिए नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया कि वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।

Bihar: Former minister Sudhakar Singh targeted Nitish Kumar, says - he is restless to become PM | बिहार: पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर फिर से साधा निशाना, कहा-पीएम बनने के लिए बेचैन हैं

सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार पर फिर से साधा निशाना (फाइल फोटो)

पटना: बिहार के पूर्व कृषि मंत्री व राजद विधायक सुधाकर सिंह लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर बने हुए हैं। सुधाकर सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ खुलेआम बयान दे रहें हैं। उन्होंने एकबार फिर बगावती तेवर अपनाते हुए कहा कि मंत्री के रूप में मैं छोटा था, इसलिए हटा दिया गया, लेकिन विधायकी से जिस दिन निकाल दें तो तब न हम मानेंगे कि वह ताकतवार आदमी है! 

कैमूर में एक कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए सुधाकर सिंह ने खुले मंच से नीतीश कुमार को तानाशाह बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार के मंत्री की हैसियत चपरासी की है। वह सिर्फ मुहर लगा सकते हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार के मिशन 2024 पर करारा प्रहार किया और कहा कि नीतीश कुमार पीएम बनने के लिए बेचैन हैं। 

नाम लिए बगैर सुधाकर सिंह ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि स्वर्ग जाने का रास्ता प्रधानमंत्री पद से होकर ही जाता है। इसलिए प्रधानमंत्री बना दो ताकि स्वर्ग में भी जगह मिल जाए। इसलिए ये आजकल पीएम बनने के लिए परेशान हो रहें हैं। 

उन्होंने दावा किया कि 17 सालों के कार्यकाल में नीतीश कुमार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। नीतीश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल के मंत्री सिर्फ रबर स्टांप हैं। कागजों में भले ही मंत्री हो मगर उनकी हसीयत चपरासी की होती है। मंत्री को जो भी फाइल दी जाती है, उस पर दस्तखत कर देते हैं कि कहीं उनका मास्टर नाराज ना हो जाए। 

इससे पहले भी सुधाकर सिंह अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहे। उन्होंने कहा था कि विभाग के सभी पदाधिकारी चोर हैं और मंत्री होने के नाते वे खुद चोर के सरदार हैं। सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार के कृषि रोडमैप पर भी सवाल उठाए थे और कहा कि किसानों के हित में कुछ नहीं हुआ। जदयू नेताओं द्वारा सवाल उठाए जाने के बावजूद सुधाकर सिंह अपने स्टैंड पर कायम रहे और उन्हें अपने पद से हाथ धोना पड़ा। एक बार फिर सुधाकर ने बिहार के सियासत को अपने बयानों से गर्म कर दिया है।

Web Title: Bihar: Former minister Sudhakar Singh targeted Nitish Kumar, says - he is restless to become PM

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे