लाइव न्यूज़ :

बिहार चुनाव : सीमांचल में पांच सीटें जीत एआईएमआईएम ने महागठबंधन की उम्मीदों को पहुंचायी चोट

By भाषा | Updated: November 11, 2020 16:52 IST

Open in App

पटना, 11 नवंबर बिहार विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पांच सीटें जीत कर सीमांचल में गहरा प्रभाव छोड़ा है । साथ ही मिथिला एवं कोसी इलाके में भी उसका असर देखा गया है ।

एआईएमआईएम के ऐसे प्रदर्शन के कारण ही सीमांचल क्षेत्र में महागठबंधन के 2015 के चुनाव की तुलना में इस बार अपना प्रदर्शन बेहतर करने की उम्मीदों को गहरा झटका लगा ।

एआईएमआईएम ने सीमांचल क्षेत्र में अपने को राजद और कांग्रेस के विकल्प के तौर पर पेश करते हुए 16 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये थे। पार्टी ने राजग और महागठबंधन को कड़ी टक्कर देते हुए सीमांचल क्षेत्र में पांच सीटें जीती जिसमें अमौर, कोचाधाम, जोकीहाट, बायसी और बहादुरगंज सीट शामिल है ।

एआईएमआईएम हालांकि किशनगंज सीट जीतने में विफल रही लेकिन उसके उम्मीदवार मोहम्मद कमरूल होदा को 41,727 वोट प्राप्त हुए । इस सीट पर एआईएमआईएम तीसरे स्थान पर रही और यहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की । इसी तरह एआईएमआईएम ने सीमांचल, कोसी और मिथिला की कई सीटों पर प्रभावी प्रदर्शन किया ।

सीमांचल क्षेत्र में 24 सीटों में निवर्तमान विधानसभा में राजद, कांग्रेस सहित महागठबंधन के पास 14 सीट, राजग के पास 9 सीट और एआईएमआईएम के खाते में एक सीट थी । बिहार चुनाव 2020 में सीमांचल में एआईएमआईएम के बेहतर प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की उम्मीदों को झटका लगा है।

इस बारे में पूछे जाने पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘‘सीमांचल की जनता जानती है कि कौन उनकी लड़ाई लड़ सकता है, उसी हिसाब से वहाँ की जनता ने हमें चुना है। ’’

उन्होंने कहा कि वह पार्टी के विस्तार के लिए चुनाव लड़ेंगे और अब अगर कोई कुछ बोलता है तो बोले लेकिन वे अपना काम जारी रखेंगे ।

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के आंकड़ों को देखें तो पूर्णिया जिले की अमौर सीट पर कांग्रेस के वर्तमान विधायक अब्दुल जलील मस्तान को एआईएमआईएम के अख्तुरुल ईमान ने पराजित किया ।

ऐसे ही बहादुरगंज सीट पर कांग्रेस के तौसीफ आलम को एआईएमआईएम के अंजार नईमी ने करारी मात दी । राजद के प्रभाव वाली सीट अररिया जिले की जोकीहाट पर ओवैसी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के बड़े बेटे सरफराज आलम के खिलाफ उनके छोटे भाई शाहनवाज आलम को टिकट दिया था और इस सीट पर शाहनवाज आलम जीते । कोचाधाम विधानसभा सीट पर एआईएमआईएम के मुहम्मद इजहार असफी ने जदयू के वर्तमान विधायक मुजाहिद आलम को पराजित किया ।

बायसी सीट पर एआईएमआईएम के सैयद रुकनुद्दीन ने राजद के हाजी अब्दुस सुभान से यह सीट छीन ली ।

विधानसभा चुनाव अभियान के क्रम में असदुद्दीन ओवैसी ने दस दिन में ताबड़तोड़ रैलियां करके सियासी माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश की थी। ओवैसी की पार्टी ने बिहार चुनाव में 24 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे । उनकी पार्टी ने उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा, बहुजन समाज पार्टी सहित छह दलों का गठबंधन बनाया था ।

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद किशनगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस सीट को जीतने में कामयाब रही थी

कांग्रेस और राजद के कुछ नेता असदुद्दीन ओवैसी पर भाजपा की ‘बी’टीम के रूप में काम करने का आरोप लगाते है । हालांकि, ओवैसी का कहना है कि अगर बिहार चुनाव में हमारी वजह से महागठबंधन को नुकसान हुआ है तो फिर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में क्यों हार हुई? वहां तो हमारी पार्टी चुनाव नहीं लड़ी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन 

क्राइम अलर्टयूपी के मदरसे में शिक्षकों ने 10 साल के बच्चे को पीटा, एक ने उसे पकड़कर रखा, दूसरे ने डंडे से मारा, VIDEO

क्राइम अलर्टMotihari News: बिहार पुलिस ने मदरसे में की छापेमारी, पीएफआई से सांठगांठ का संदेह

भारत'वे बंगाल को खत्म करना चाहते हैं': ममता बनर्जी ने BJP पर साधा निशाना, चुनावों से पहले किसानों के लिए अलग से बजट का वादा किया

भारतIST की जगह 'महाकाल मानक समय'? शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गणना ढांचे पर पुनर्विचार का दिया प्रस्ताव

भारत अधिक खबरें

भारतबिहार से दिल्ली तक की नई पारी, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, पूरी डिटेल यहां

भारतये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है..., राघव चड्ढा ने AAP के खिलाफ किया नया वीडियो जारी

भारतWest Asia Conflict: युद्धग्रस्त ईरान में फंसे 345 भारतीय, आर्मेनिया के रास्ते वतन लौटे; भारत की कूटनीतिक जीत

भारतKotma Building Collapses: 4 मंजिला इमारत हुई जमींदोज, 2 लोगों की मलबे में दबकर मौत; कई अब भी फंसे

भारतगोदाम में भर रहे थे नाइट्रोजन गैस?, विस्फोट में 4 की मौत और 2 घायल