बिहारः जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक तीन और चार सितंबर को पटना में, 2024 लोकसभा चुनाव सहित कई मुद्दे पर हो सकती है चर्चा
By भाषा | Updated: August 21, 2022 17:24 IST2022-08-21T15:56:52+5:302022-08-21T17:24:39+5:30
नीतीश कुमार के 2024 के लोकसभा चुनावों में विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरने की अटकलों को भी बल मिला है।

नीतीश के कदम से विपक्षी खेमे में नयी ऊर्जा का संचार हुआ है।
नई दिल्लीः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरने की अटकलों के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक क्रमश: तीन और चार सितंबर को पटना में होगी।
पार्टी महासचिव अफाक अहमद खान ने कहा कि दोनों दिन संगठन संबंधी मुद्दों और सदस्यता अभियान पर चर्चा की जाएगी। ये बैठकें इसलिए अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि बिहार के मुख्यमंत्री एवं जद(यू) प्रमुख नीतीश कुमार ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन तोड़ते हुए महागठबंधन से हाथ मिला लिया था, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वामदल शामिल हैं।
Janata Dal(U) calls meetings of its National Executive, Council on September 3, 4 in Patna
— Press Trust of India (@PTI_News) August 21, 2022
नीतीश के कदम से विपक्षी खेमे में नयी ऊर्जा का संचार हुआ है। यही नहीं, इससे नीतीश के 2024 के लोकसभा चुनावों में विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरने की अटकलों को भी बल मिला है। इन बैठकों में पार्टी का एजेंडा तय करने और भाजपा से नाता तोड़ने के उसके फैसले का समर्थन किए जाने की संभावना है।
नीतीश के जद(यू) सदस्यों को भी संबोधित करने की उम्मीद है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी जद(यू) का एक प्रमुख संगठनात्मक निकाय है। वहीं, राष्ट्रीय परिषद एक व्यापक निकाय है, जिसमें कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल होते हैं। नीतीश ने खुद को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए जाने की संभावनाओं को अक्सर खारिज किया है।
हालांकि, जद(यू) के अध्यक्ष ललन सिंह ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी इस पर विचार के लिए तैयार है, बशर्ते अन्य विपक्षी दल संबंधित भूमिका के लिए नीतीश के नाम का समर्थन करें। इस बीच, रविवार को राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर विपक्षी दल नीतीश का समर्थन करें तो वह प्रधानमंत्री पद के मजबूत उम्मीदवार हो सकते हैं।