Bihar Bypolls: बिहार में राज्यसभा की दो, एक विधान परिषद और पांच विधानसभा सीट पर उपचुनाव, जानें क्या होगा समीकरण और किसके हाथ लगेगी बाजी!
By एस पी सिन्हा | Updated: June 7, 2024 15:15 IST2024-06-07T15:14:41+5:302024-06-07T15:15:50+5:30
Bihar Bypolls: लोकसभा चुनाव में राज्यसभा के दो सांसद भी चुने गए हैं। इसमें राजद की डॉ. मीसा भारती और भाजपा के विवेक ठाकुर हैं।

file photo
Bihar Bypolls: लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद अब बिहार में राज्यसभा की दो सीटों, एक विधान परिषद और पांच विधानसभा की खाली हुई सीटों को भरने के जल्द ही चुनाव कराए जा सकते हैं। भाजपा और राजद कोटे से एक-एक राज्यसभा सदस्य लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। ऐसे में दोनों सीटें खाली हो गई हैं। जबकि बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने जदयू के टिकट पर सीतामढी लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है। ऐसे में विधान परिषद की एक सीट खाली हो गई है। उसी तरह चार विधायकों ने लोकसभा चुनाव में बाजी मारी है। जबकि एक विधायक ने इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में इन सीटों पर उपचुनाव होना तय हो गया है। इस बार के लोकसभा चुनाव में राज्यसभा के दो सांसद भी चुने गए हैं। इसमें राजद की डॉ. मीसा भारती और भाजपा के विवेक ठाकुर हैं।
मीसा भारती वर्ष 2022 में दोबारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। उनका कार्यकाल अभी 2028 तक है। वह पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से तीसरे प्रयास में भाजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव को हराकर सांसद बनी हैं। वहीं भाजपा के विवेक ठाकुर अप्रैल 2020 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। अभी इनका दो साल का कार्यकाल बचा हुआ है।
ऐसे में मीसा भारती और विवेक ठाकुर के बचे हुए कार्यकाल के लिए जल्द ही उपचुनाव होंगे। वहीं, जदयू उम्मीदवार के तौर पर बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर भी सीतामढ़ी से लोकसभा के लिए चुने गए हैं। वे तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 2020 में विधान पार्षद बने थे। इनका कार्यकाल नवम्बर 2026 तक है।
इनके लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के कारण तिरहुत स्नातक निर्वाचन के लिए अब उपचुनाव होगा। साथ ही विधान परिषद को नया सभापति भी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में विभिन्न दलों से दर्जन भर विधायकों को उम्मीदवार बनाया गया था। सबसे अधिक राजद ने विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा था।
कांग्रेस, वाम दल और जदयू की ओर से भी विधायक को टिकट दिया गया। इसमें राजद के दो विधायक लोकसभा के लिए चुने गए हैं। जिसमें रामगढ़ के राजद विधायक सुधाकर सिंह बक्सर से लोकसभा का चुनाव जीते हैं। अब रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है। इसी तरह बेलागंज के राजद विधायक सुरेंद्र प्रसाद यादव जहानाबाद से लोकसभा का चुनाव जीते हैं।
इस कारण बेलागंज में उपचुनाव होना है। वहीं, हम के संरक्षक व पूर्व उपमुख्यमंत्री जीतन राम मांझी इमामगंज (सुरक्षित) के विधायक हैं। जीतन राम मांझी गया (सुरक्षित) लोकसभा सीट से चुनाव जीते हैं। ऐसे में इमामगंज विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना तय है। राजद की तरह उसके सहयोगी भी विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा था।
तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद भी आरा से लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। इस कारण तरारी में उपचुनाव होना तय है। इसके साथ ही जदयू से इस्तीफा देकर राजद के टिकट पर पूर्णिया से चुनाव लड़ने वाली रूपौली की विधायक बीमा भारती को हार का मुँह देखना पडा। ऐसे में रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है।