BEST की बस हड़ताल जारी, मुंबईवासियों की मुश्किलें दूर होने के आसार नहीं

By भाषा | Updated: January 16, 2019 14:20 IST2019-01-16T14:20:49+5:302019-01-16T14:20:49+5:30

बेस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उच्चाधिकार प्राप्त समिति दोनों बजटों का विलय करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है।’’ 

BEST strike matter: Bombay High Court directs BEST union to call off their strike | BEST की बस हड़ताल जारी, मुंबईवासियों की मुश्किलें दूर होने के आसार नहीं

BEST की बस हड़ताल जारी, मुंबईवासियों की मुश्किलें दूर होने के आसार नहीं

मुंबई में यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं क्योंकि बेस्ट की बस हड़ताल का बुधवार को नौवां दिन है और कर्मचारी संघ ने गतिरोध खत्म करने के लिए प्रबंधन के वेतन वृद्धि प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। 

अब सभी की निगाहें बंबई उच्च न्यायालय पर टिकी हैं जो हड़ताल से संबंधित मामले की सुनवाई कर रही है। यह बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (बेस्ट) के इतिहास में अब तक की सबसे लंबी हड़ताल है।

विभिन्न मांगों को लेकर आठ जनवरी से बेस्ट के 32 हजार से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उनकी मांगों में वेतन वृद्धि, कनिष्ठ स्तर के कर्मचारियों के लिए वेतन मान में सुधार और नुकसान में चल रही बेस्ट के बजट का बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बजट के साथ विलय शामिल हैं।

उच्च न्यायालय ने मंगलवार को बेस्ट कर्मचारी संघ को हड़ताल वापस लेने पर अंतिम निर्णय लेने और बुधवार तक अदालत को उसकी सूचना देने का निर्देश दिया था। बेस्ट ने अदालत को बताया था कि वह अपने कर्मचारियों को अंतरिम वेतन वृद्धि देने पर राज्य सरकार की उच्चाधिकार प्राप्त समिति द्वारा सुझाए गए कदमों को लागू करना चाहता है। इसके बाद अदालत ने ये निर्देश दिए।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने सिफारिश की कि हड़ताल बंद करने के लिए अंतरिम राहत के तौर पर समयबद्ध तरीके से करीब 15,000 कर्मचारियों के लिए वेतन में ‘10 चरण की वृद्धि’ दी जाए। हालांकि बेस्ट कर्मचारी संघ के नेता शशांक राव ने मंगलवार को प्रस्ताव खारिज कर दिया।

संघ बेस्ट के बजट का बीएमसी में विलय करने की अपनी मांग को लेकर अड़ा हुआ है। बेस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उच्चाधिकार प्राप्त समिति दोनों बजटों का विलय करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है।’’ 

इस बीच, हड़ताल के कारण यात्रियों की मुसीबतें बनी हुई है। हालांकि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने उनकी परेशानियों को कम करने के लिए अपनी बसें उतारी हैं। बेस्ट के एक ड्राइवर ने असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी लेकिन साथ ही उनसे बस कर्मचारियों के सामने पेश आ रही समस्याओं को समझने की अपील भी की।

ड्राइवर ने कहा, ‘‘हम पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक रूप से परेशान चल रहे हैं। हमारे पास हड़ताल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था लेकिन हमें उम्मीद है कि यह जल्द खत्म हो जाएगी।’’ कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली।

बेस्ट के बेड़े में 3,200 से अधिक बसें हैं जो महानगर और पड़ोसी ठाणे जिले तथा नवी मुंबई में चलती हैं। मुंबई में लोकल ट्रेनों के बाद यह यातायात का दूसरा सबसे बड़ा साधन है। बेस्ट की बसों में हर दिन 80 लाख से अधिक यात्री सवार होते हैं।

Web Title: BEST strike matter: Bombay High Court directs BEST union to call off their strike

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे