बलिया में पत्रकार की हत्या: परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस यूपी अध्यक्ष हिरासत में, नेता ने कहा- मुकदमे की मिली धमकी

By पल्लवी कुमारी | Published: August 25, 2020 04:45 PM2020-08-25T16:45:23+5:302020-08-25T16:45:23+5:30

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में सोमवार (24 अगस्त) रात्रि एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Ballia journalist Ratan Singh Death Police detain UP Congress chief who going to meet journalist family | बलिया में पत्रकार की हत्या: परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस यूपी अध्यक्ष हिरासत में, नेता ने कहा- मुकदमे की मिली धमकी

तस्वीर स्त्रोत- UP कांग्रेस ट्विटर हैंडल

Highlightsरतन सिंह एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार थे। इनकी हत्या पर बलिया श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा- उप्र सरकार का पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता को लेकर ये रवैया निंदनीय है।

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में सोमवार रात्रि (24 अगस्त) एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पत्रकार रतन सिंह के परिवार से मिलने के लिए आज (25 अगस्त) को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित महासचिव मनोज यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष तरुण पटेल, लखनऊ जिला अध्यक्ष वेद त्रिपाठी समेत दर्जनों कार्यकर्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 

इधर इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालती है और अपराध बढ़ता ही जा रहा है। प्रियंका ने ट्वीट किया, 19 जून को शुभम मणि त्रिपाठी की हत्या, 20 जुलाई को विक्रम जोशी की हत्या और 24 अगस्त को रतन सिंह की हत्या....। उप्र में पिछले 3 महीनों में 3 पत्रकारों की हत्या। 11 पत्रकारों पर खबर लिखने के चलते प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्रियंका ने कहा, उप्र सरकार का पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता को लेकर ये रवैया निंदनीय है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने आरोप लगाया, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सरकार की स्पीड बताते हैं और अपराध का मीटर उससे दोगुनी स्पीड से भागने लगता है। प्रत्यक्षम् किम् प्रमाणम्। ये उप्र में केवल दो दिनों का अपराध का मीटर है। सरकार बार-बार अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालती है, मगर अपराध चिंघाड़ते हुए प्रदेश की सड़कों पर तांडव कर रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा था कि बलिया के पत्रकार रतन सिंह की हत्या, बेगुनाहों की हत्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकार रतन सिंह के परिजनों से मिलने जा रहा हूं, भाजपा सरकार की पुलिस ने सलोन टोल पर गाड़ी रोक दी है। पैदल जा रहा हूं। गुंडाराज पे लगाम लगाओ। तानाशाह होश में आओ।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रोकने के लिए मुकदमे की धमकी दी जा रही है। अजय कुमार लल्लू ने ट्वीट किया, मुकदमे से कौन डरता है? मुख्यमंत्री जी मुकदमे से डरा रहे हो लल्लू को? जेल में डालने के बाद मुट्टी तान तुम्हारे 'जंगलराज' के खिलाफ न्याय की आवाज बुलंद कर रहा हूं। मुख्यमंत्री जी! किसी ने लिखा है कि: तय करो किस ओर हो तुम तय करो किस ओर हो, आदमी के पक्ष में हो या कि आदमखोर हो।

पुलिस पत्रकार रतन सिंह की हत्या पर जाने क्या दी जानकारी? 

अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि रतन सिंह (45) की सोमवार (24 अगस्त) रात्रि फेफना गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के समय वह घर की तरफ जा रहे थे । उधर लखनऊ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि हत्या के मामले में तीन लोगों अरविंद सिंह, दिनेश सिंह और सुनील कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले बलिया पुलिस ने बताया कि अभी तक की जानकारी के अनुसार पत्रकार रतन सिंह का अपने पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था । आज शाम फिर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, उसी में पड़ोसी ने गोली मार दी,आरोपी दिनेश सिंह उनका दूर का रिश्तेदार है।

उन्होंने बताया कि पुलिस कार्यवाही में जुटी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। रतन सिंह एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार थे। इनकी हत्या पर बलिया श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।

Web Title: Ballia journalist Ratan Singh Death Police detain UP Congress chief who going to meet journalist family

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे