Ajit Singh Death: RLD प्रमुख अजित सिंह का कोरोना से निधन, मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया
By उस्मान | Published: May 6, 2021 10:09 AM2021-05-06T10:09:42+5:302021-05-06T10:17:40+5:30
उनकी मौत की पुष्टि उनके बेटे जयंत सिंह चौधरी की है, उनका इलाज गुरुग्राम के एक अस्पताल में चल रहा था
राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का 6 मई को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह कोरोना पॉजिटिव थे।
रालोद प्रमुख के बेटे जयंत सिंह चौधरी ने इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने लोगों से घर पर रहने और कोरोना सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया।
मनी कंट्रोल ने अपनी रिपोर्ट में इंडिया टुडे के हवाले से लिखा है कि अजीत सिंह का गुरुग्राम के एक अस्पताल में कोरोना का इलाज चल रहा था।
— Jayant Chaudhary (@jayantrld) May 6, 2021
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला सहित कई राजनीतिक नेताओं ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!
— Narendra Modi (@narendramodi) May 6, 2021
अजित सिंह उत्तर प्रदेश के बागपत से सात बार लोकसभा सांसद (सांसद) रहे। उन्होंने विभिन्न सरकारों में केंद्रीय नागरिक उड्डयन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के रूप में भी काम किया।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पुत्र अजीत सिंह पहली बार 1986 में राज्यसभा सांसद चुने गए थे।