बारामतीः महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बृहस्पतिवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अजित पवार की सुबह एक विमान हादसे में मृत्यु हो गयी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने बताया कि अजित पवार का अंतिम संस्कार पूर्वाह्न 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा। पार्टी के अनुसार अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की उम्मीद है। अन्य दलों के नेताओं के भी उपस्थित रहने का अनुमान है।
मुंबई से बुधवार सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद हुए हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में अजित पवार के अलावा, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य शामिल हैं। पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा (मौजूदा समय में राज्यसभा सदस्य) और दो बेटे पार्थ एवं जय हैं।
राज्य सरकार ने अजित पवार के निधन के बाद बुधवार को सार्वजनिक छुट्टी और तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई अन्य नेताओं ने बुधवार को विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अधिकारियों के अनुसार, 66 वर्षीय अजित पवार और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह पुणे जिले में उनके गृह नगर बारामती के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गई। गडकरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इस हादसे में पवार की मृत्यु की खबर स्तब्ध करने वाली, दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार के साथ उनका बेहद घनिष्ठ व्यक्तिगत संबंध रहा है। उन्होंने कहा, “उन्हें मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। कई वर्षों तक राज्य विधानमंडल में साथ काम करते हुए मेरी अजित दादा के साथ बहुत घनिष्ठ मित्रता रही।
उनकी प्रशासनिक कुशलता, विकास की स्पष्ट दृष्टि और लोगों से सीधे जुड़ने की क्षमता ने महाराष्ट्र की राजनीति में उनका ऐसा स्थान सुनिश्चित किया जिसे कभी कोई और नहीं ले पाएगा।” गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध इस जननेता की असमय मृत्यु केवल राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी पवार के निधन पर शोक जताया। देवव्रत ने अपने संदेश में कहा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती के पास विमान दुर्घटना में असमय मृत्यु बेहद दुखद है। मैं अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोक संतप्त परिवार के सभी सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ओम शांति।”
बुधवार को विमान दुर्घटना में अपने भतीजे और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के कुछ घंटों बाद बारामती पहुंचने पर अत्यंत दुखी एवं गंभीर नजर आ रहे शरद पवार ने पूछा, “यह सब कैसे हुआ?” शरद पवार (85) और उनकी पत्नी प्रतिभा पवार खबर सुनते ही मुंबई से हेलीकॉप्टर से अपने गृहनगर के लिए रवाना हो गए। उन्हें लेने आए लोगों से पवार को पूछते हुए सुना गया, “यह कैसे हुआ?”
बाद में वह उस अस्पताल के लिए रवाना हो गए जहां अजित पवार का शव रखा गया है। शरद पवार के संरक्षण में महाराष्ट्र की राजनीति में आगे बढ़े अजित ने वर्ष 2023 में अपने चाचा से अलग होकर भाजपा के साथ हाथ मिला लिया। इससे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन हो गया। लेकिन हाल ही में राकांपा के दोनों गुट पुणे और पिंपरी-चिंचवड में नगर निगम चुनाव लड़ने के लिए एक साथ आए थे।