Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार की विमान हादसे में मौत से सियासी गलियारे में शोक का माहौल है। बुधवार, सुबह बारामती जा रहा प्लेन क्रैश हो गया जिसमें पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक है कि उसके वीडियो में हर तरफ धुएं का गुब्बार दिखाई दे रहा है। वहीं, सामने आए फुटेज में विमान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है।
अजित पवार के अचानक दुनिया को छोड़कर चले जाने से सियासी गलियारे में नेता सदमे में है। पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ समेत कई नेताओं ने अजित पवार के परिवार के प्रति संवेदना जताई और नेता को श्रद्धाजंलि दी है।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोनों ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से संपर्क किया और बारामती प्लेन क्रैश के बारे में जानकारी और अपडेट लिए। दोनों नेताओं ने अजित पवार की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के असमय निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा और दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में, वह महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध रहे। वह लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा, "अजीत पवार जी ने महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी एक खास जगह बनाई थी। यह उनके परिवार और राज्य के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का समीकरण बदल जाएगा।"
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "इतने ऊर्जावान नेता का अचानक निधन बहुत दुखद है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।"
तेलंगाना कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता समा राम मोहन रेड्डी ने कहा, "हम एक प्रमुख राजनीतिक हस्ती, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के असमय निधन से बहुत दुखी हैं। उनका निधन महाराष्ट्र और पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
DMK सांसद टी शिवा ने कहा, "यह बहुत दुखद है। दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह एक बहुत ही गतिशील राजनेता थे।"
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की चार्टर प्लेन दुर्घटना में मौत पर, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, "यह बहुत चौंकाने वाली और दुखद खबर है। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "यह वास्तव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है...रिपोर्ट्स आ रही हैं कि अजीत पवार भी विमान में सवार थे। अगर यह सच है, तो यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण दिन है...यह दिल दहला देने वाली घटना है। भगवान प्रभावित परिवारों को शक्ति दे...वह सिर्फ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि देश के एक जाने-माने राजनेता भी थे। यह एक अपूरणीय क्षति है।"
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "हमें महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार के बारे में बहुत दुखद खबर मिल रही है। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान इस समय उनके परिवार के सदस्यों और पार्टी के सदस्यों को शक्ति दे। हम इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं।"
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, "मैंने हमेशा वही किया जो उन्होंने कहा। वह एक बहादुर इंसान थे। बारामती इलाके के विकास में उनका बहुत बड़ा योगदान था। मैं पूरे पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "अलग-अलग मीडिया चैनलों पर जो विजुअल्स दिख रहे हैं, उनसे लगता है कि यह एक गंभीर प्लेन क्रैश है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार इस प्लेन में सवार थे।"