पटना: झारखंड के देवघर में स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पाकिस्तानी करेंसी मिलने के बाद मंदिर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही पाकिस्तानी करेंसी मिलने की चर्चा जोर-शोर से शुरू हो गई है। दरअसल, पिछले दिनों बाबा मंदिर के दानपात्र में पाकिस्तान नोट मिले थे। मामले को लेकर देवघर प्रशासन जांच में जुटा है। बताया जाता है कि मंदिर में लगे दान पेटियों को बुधवार को गिनती के लिए खोला गया। इस दौरान दान की गई राशि व अन्य सामान का मिलान कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया।
इस दौरान लाखों का भारतीय रुपया, अमेरिकी डालर, यूरो, नेपाली रुपया के साथ पाकिस्तानी करंसी भी बरामद किया गया है। बरामद किए गए एक पाकिस्तानी करंसी का मूल्य 100 रुपया बताया जाता है। जानकार बताते हैं ये पहला मौका है जब बाबा मंदिर की दानपेटी में पाकिस्तान का करंसी मिला है। इसकी बरामदगी के बाद यहां की सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। अंदर ही अंदर अब इसकी जांच भी शुरु हो रही है। इस संबंध में देवघर के एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि पाकिस्तान की करेंसी मिली है। उन्होंने कहा कि मंदिर के दानपात्र में विदेशी करेंसी आए दिन मिलते हैं।
नेपाल के साथ-साथ भूटान, म्यांमार जैसे देश के श्रद्धालु हमेशा ही आते रहते हैं। इसलिए यह माना जा रहा है कि यदि कोई श्रद्धालु पाकिस्तान से आए भी होंगे तो नेपाल या फिर अन्य रास्तों से देवघर के बाबा मंदिर में प्रवेश किए होंगे। हालांकि पाकिस्तानी नोट मिलने से हड़कंप मच गया है। इस घटना पर गोड्डा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे और अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के संरक्षक दुर्लभ मिश्रा ने इस मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है और इसकी गहन जांच की मांग की है। बता दें कि पिछले दिनों यूपी के गाजियाबाद जिले से संदिग्ध युवक व युवती को पकड़े गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान उनके पास से देवघर बाबा मंदिर का फोटो व वीडियो मिला है। उनके द्वारा यहां की रेकी किए जाने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला कि इन लोगों का कनेक्शन पाकिस्तान के आईएसआई से जुड़ा हुआ था। ये लोग पैसा लेकर देश के विभिन्न जगहों का वीडियो, फोटो व अन्य जानकारी सीमापार भेज रहे थे। वहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद एक महिला यू टयूबर ज्योति मल्होत्रा पकड़ी गयी थी। उस पर भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगा था।
जांच में पता चला था कि वह भी सुल्तानगंज से बाबा मंदिर तक का सफर कर चुकी है। पूरे रूट का वीडियो व फोटो उसने बनाया था। इसकी भी जांच हुई थी। बढ़ती गतिविधियों के बीच पुलिस द्वारा लगातार मंदिर की सुरक्षा आडिट की जा रही है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बाबा मंदिर की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। मंदिर में लोग मोबाइल, थैला, बैग व अन्य सामान लेकर आसानी से घुस जाते हैं। हर दिन लोग बाबा मंदिर के गर्भगृह के अंदर का वीडियो व फोटो खींचकर उसे इंटरनेट मीडिया में अपलोड करते रहते हैं। ऐसे में ये मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रश्नचिन्ह उठाता है।
यहां के सभी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा का खास इंतजाम नहीं है। मंदिर में आने व जाने वालों की शायद ही जांच की जाती हो। उनके सामान की भी जांच नहीं होती है। जबकि हर दिन बाबा मंदिर में देश व विदेश से बाबा भोले के भक्त पूजा करने के लिए पहुंचते हैं। देवघर में हवाई सेवा के शुरु हो जाने के बाद से बाहरी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला काफी बढ़ गया है।