ओडिशा पेयजल परियोजना स्थल पर तोड़फोड़ के आरोप में 24 गिरफ्तार
By भाषा | Updated: August 13, 2021 21:18 IST2021-08-13T21:18:17+5:302021-08-13T21:18:17+5:30

ओडिशा पेयजल परियोजना स्थल पर तोड़फोड़ के आरोप में 24 गिरफ्तार
केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 13 अगस्त ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक पेयजल परियोजना स्थल पर हुई तोड़फोड़ के मामले में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने बृहस्पतिवार को राजकणिका प्रखंड के भारिगड़ा गांव में पुलिस पर पथराव किया, वाहनों और मशीनरी में तोड़फोड़ की और परियोजना के अस्थायी शेड को क्षतिग्रस्त कर दिया।
भुवनेश्वर से 125 किलोमीटर दूर राजकणिका के निवासी, 892 करोड़ रुपये की परियोजना को तुरंत रद्द करने की मांग कर रहे हैं, जो पड़ोसी भद्रक जिले में पाइप आपूर्ति के लिए ब्राह्मणी नदी की एक सहायक नदी खारसरोटा से पानी लेगी।
स्थानीय लोगों को डर है कि इससे खारसरोटा के जल स्तर में गिरावट आएगी और इस क्षेत्र में कृषि आवश्यकताओं के लिए पानी की भारी कमी हो जाएगी, जहां लोग पूरी तरह से कृषि पर निर्भर हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "कल की हिंसा में शामिल होने के आरोप में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर वीडियो सबूत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। कई उपद्रवी गांव से फरार हैं और उन्हें यथाशीघ्र गिरफ्तार करने के लिए तलाशी जारी है।"
प्रखंड की तीन ग्राम पंचायतों - बालाकाटी, भारिगड़ा और बरुनाडीहा में एक असहज शांति बनी हुई है, जहां विरोध प्रदर्शन को शांत करने के लिए आठ अक्टूबर तक सीआरपीसी की धारा 144 लागू की गयी है।
अधिकारी ने बताया कि परियोजना का काम, जो वर्तमान में हिंसा के कारण निलंबित कर दिया गया है, पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के साथ जल्द ही फिर से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
पेयजल परियोजना के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई कर रहे औल के पूर्व कांग्रेस विधायक देवेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को मनमाने ढंग से गिरफ्तार करके क्षेत्र में भय पैदा किया है।
शर्मा ने कहा, "लोगों को विरोध करने का लोकतांत्रिक अधिकार है। लोगों पर थोपा गया पुलिस 'राज' उलटा असर करेगा। यदि सरकार अपने जनविरोधी रुख को जारी रखती है तो स्थानीय लोगों का आंदोलन गति पकड़ लेगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।