लाइव न्यूज़ :

हॉकी वर्ल्ड कप: भारत का दूसरे मैच में सामना मजबूत बेल्जियम से, मिली जीत तो सेमीफाइनल में जगह पक्की

By भाषा | Updated: December 1, 2018 17:40 IST

आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारतीय टीम अभी तक सिर्फ एक बार 1975 में विश्व कप जीत सकी है।

Open in App

भुवनेश्वर: विश्व कप में शानदार शुरूआत के बाद भारतीय हॉकी टीम के सामने रविवार को दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम के रूप में कठिन चुनौती होगी जिसे हराने पर सेमीफाइनल में जगह पक्की है। पिछले 43 साल में पहली बार विश्व कप में पदक जीतने की प्रबल दावेदार भारतीय हाकी टीम ने 16 देशों के टूर्नामेंट में शानदार शुरूआत करते हुए पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से हराया। 

रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता बेल्जियम टीम ने कनाडा को 2-1 से मात दी लेकिन उसका प्रदर्शन उतना प्रभावी नहीं रहा। आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारतीय टीम अभी तक सिर्फ एक बार 1975 में विश्व कप जीत सकी है।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आक्रामक हॉकी खेली और इस लय को कायम रखना चाहेगा। वैसे प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव भारतीय हॉकी की पुरानी समस्या रही है। 

उसे लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही बेल्जियम टीम को हराने के लिये हर विभाग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मनदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह, आकाशदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने फारवर्ड पंक्ति में उम्दा प्रदर्शन किया। सिमरनजीत ने दो गोल किये जबकि बाकी तीन स्ट्राइकर ने एक एक गोल दागा। 

मनप्रीत सिंह की अगुवाई में मिडफील्ड और डिफेंस का प्रदर्शन भी अच्छा रहा लेकिन डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा, सुरेंदर कुमार और गोलकीपर पी आर श्रीजेश को आक्रामक बेल्जियम के खिलाफ हर पल चौकन्ना रहना होगा। 

दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत बेल्जियम के खिलाफ अपना रिकार्ड भी बेहतर करना चाहेगा। पिछले पांच साल में दोनों टीमों के बीच हुए 19 मुकाबलों में से 13 बेल्जियम ने जीते और एक ड्रा रहा। 

आखिरी बार दोनों का सामना नीदरलैंड में चैम्पियंस ट्राफी में हुआ था जिसमें आखिरी पलों में गोल गंवाने के कारण भारत ने 1-1 से ड्रॉ खेला। दोनों टीमों के लिये पेनल्टी कॉर्नर समस्या बना हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत पांच में से एक ही पेनल्टी को तब्दील कर सका जबकि बेल्जियम ने कनाडा के सामने दो पेनल्टी कार्नर गंवाये। 

भारत के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह पेनल्टी कार्नर से सीधे गोल नहीं हो पाने से निराश नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'हमने खूबसूरत फील्ड गोल और पेनल्टी कार्नर पर गोल किये। पेनल्टी कार्नर पर सीधे गोल नहीं कर सके लेकिन गोल करना अहम है, कैसे हुए उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।' 

बेल्जियम ने पिछले एक दशक में विश्व हाकी में अपना परचम लहराया है और बिना कोई बड़ा खिताब जीते वह शीर्ष टीमों में शामिल है। बेल्जियम के कोच शेन मैकलियोड ने कहा, 'भारत के खिलाफ यह मैच हमें हर हालत में जीतना है और पूरे अंक लेने हैं। हमारा गोल औसत उतना नहीं है जितना हम चाहते थे तो हमें जीतना ही होगा।' 

पूल सी के अन्य मैच में कनाडा का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। 

टॅग्स :हॉकी वर्ल्ड कप
Open in App

संबंधित खबरें

भारतभारतीय महिला हॉकी टीमः लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 तक अनुबंध?, आखिर क्यों 1 दिसंबर 2025 को मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने दिया इस्तीफा

अन्य खेलWomen's FIH Hockey Junior World Cup: महिला जूनियर हॉकी टीम का ऐलान, भारतीय टीम को लीड करेंगी ज्योति सिंह

भारतएशिया कप हॉकी 2025ः 3 मैच और 22 गोल?, चीन पर 4-3, जापान पर 3-2 और कजाकिस्तान पर 15-0, 9 अंक के साथ शीर्ष पर टीम इंडिया

भारतIND VS AUS 2025: 15 अगस्त से ऑस्ट्रेलिया दौरा, 24 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान, इस खिलाड़ी को बनाया कप्तान, देखिए सूची

भारतपाकिस्तानी हॉकी टीम एशिया कप और जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भारत आएगी, खेल मंत्रालय ने कहा-बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेने के खिलाफ नहीं

हॉकी अधिक खबरें

हॉकीFIH Women’s Olympic Qualifiers: गोलकीपर बिचू देवी के साथ मैदान के बीच में आंसू बहाते खिलाड़ी, किस्मत ने नहीं दिया साथ, क्या टीम इंडिया पेरिस ओलंपिक नहीं खेलेगी!

हॉकीFIH Hockey Olympic Qualifier: न्यूजीलैंड और इटली को हराकर सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम, पेरिस ओलंपिक का टिकट और जीत से दो कदम दूर, सामने जर्मन दीवार चुनौती!

क्रिकेटऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन, 1956 के ओलंपिक खेलों में हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया था

हॉकीHockey World Cup 2023: सीएम नवीन पटनायक ने लॉन्च किया हॉकी विश्वकप का आधिकारिक लोगो, अगले साल ओडिशा में होगा टूर्नामेंट

हॉकीmonkeypox: मंकीपॉक्स के वर्तमान लक्षण पिछले प्रकोप ​​से अलग, शोध में खुलासा, मलाशय में दर्द और लिंग में सूजन शामिल...