FIFA World Cup: ईरान के खिलाफ ड्रॉ से पुर्तगाल नॉकआउट में, ग्रुप-बी से स्पेन भी अगले दौर में
By विनीत कुमार | Published: June 26, 2018 02:14 AM2018-06-26T02:14:38+5:302018-06-26T02:33:15+5:30
ग्रुप-बी से स्पेन और पुर्तगाल ने पांच-पांच अंकों के साथ नॉकआउट में जगह बनाई।
मॉस्को (रूस), 26 जून: फीफा वर्ल्ड कप 2018 में सोमवार को ग्रुप-बी से प्री-क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमों के नाम तय हो गए। स्पेन ने जहां मोरक्को के खिलाफ रोमांचक और संघर्षपूर्ण मैच में 2-2 से ड्रॉ खेला वहीं, पुर्तगाल और ईरान के बीच मैच भी 1-1 से ड्रॉ रहा। ग्रुप-बी से स्पेन और पुर्तगाल ने पांच-पांच अंकों के साथ नॉकआउट में जगह बनाई। ईरान को 4 अंक और मोरक्को को एक अंक के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
स्पेन और मोरक्को का रोमांचक मैच
मोरक्को बेशक इस मुकाबले से पहले ही वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका था लेकिन उसने स्पेन को जबर्दस्त जोश के साथ चुनौती दी। आलम ये रहा कि स्पेन के मुकाबले शुरू से मोरक्को ही ज्यादा आक्रमक खेल दिखाता नजर आया। मैच का पहला गोल भी मोरक्को की ओर से ही आया। खेल के 14वें मिनट में खालिद बुतैब ने गोल दाग कर बढ़त दिलाई। स्पेन की ओर से इसके बाद जवाबी गोल 19वें मिनट में आया।
हालांकि, दूसरे हाफ और मैच के 81वें मिनट में स्पेन के फैंस उस समय सन्न रह गए जब मोरक्को की ओर से यूसेफ एन नेसिरी ने गोल दाग दिया। स्पेन को इसके बाद हर हाल में बराबरी की जरूरत थी और इंजरी टाइम (90+1 मिनट) में लागो एस्पास ने गोल कर उसे बराबरी पर ला खड़ा किया।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2018: उरुग्वे ने निकला रूस का दम, 3-0 से हराकर ग्रुप-ए में टॉप पर
लागो के गोल पर बेहद विवाद भी हुआ। दरअसल पहले गोल किए जाने पर रेफरी ने इसे ऑफ साइड करार दिया जिसके बाद VAR की मांग हुई। रिप्ले देखने के बाद इसे गोल करार दिया गया।
पुर्तगाल ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में
ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में पुर्तगाल को ईरान के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। पुर्तगाल के लिए पहला गोल रिकॉर्डो कुरेसमा ने किया। हाफ टाइम से ठीक पहले इस गोल ने पुर्तगाली फैंस में खुशी की लहर दौड़ा दी। कुरेसमा का यह गोल देखने योग्य था। उन्होंने ईरानी बॉक्स के ठीक बाहर से जोरदार शॉट लगाया और गेंद गोलपोस्ट में समा गई।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup: आखिरी मिनट में सलेम के गोल की बदौलत सऊदी अरब ने मिस्र को हराया
इसके बाद आखिर तक पुर्तगाल यह बढ़त बनाए रखने में कामयाब दिख रहा था कि तभी इंजरी टाइम (90+3 मिनट) में ईरान को मिले ईरान को मिले एक पेनल्टी ने उसका खेल बिगाड़ दिया। ईरान की ओर से यह गोल करीम अंसारीफार्द ने दागा।
हालांकि, इन सबके बीच एक पेनल्टी का मौका पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने चूका। खेल के 50वें मिनट में रोनाल्डो ईरानी बॉक्स में गिराए गए और फाउल दिए जाने की मांग की। रेफरी ने VAR के जरिए पुर्तगाल तो पेनल्टी दिया।
रोनाल्डो हालांकि इसका फायदा नहीं उठा सके। रोनाल्डो ने पेनल्टी पर शॉट लिया लेकिन ईरानी गोलकीपर अलीरेजा बेरवांड ने सही अंदाजा लगाते हुए बाएं ओर डाइव मारा और गेंद को अपने कब्जे में कर लिया।
फीफा वर्ल्ड कप से जुड़ी सारी खबरें यहां पढ़ें