एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या से दहला प्रयागराज, ईंट, पत्थर, डंडों से मार ली जान फिर घर में लगा दी आग, दुष्कर्म की आशंका
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 23, 2022 14:05 IST2022-04-23T12:40:30+5:302022-04-23T14:05:22+5:30
थरवई की इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘आज का अपराधनामा- प्रयागराज में फिर सामूहिक हत्या, एक परिवार के पांच लोगों का गला रेता, शवों को जलाने के लिए घर में लगा दी आग।

एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या से दहला प्रयागराज, ईंट, पत्थर, डंडों से मार ली जान फिर घर में लगा दी आग, दुष्कर्म की आशंका
प्रयागराजः जिले के गंगापार थरवाई थाना क्षेत्र के खेवराजपुर गांव में शुक्रवार की रात एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई। आशंका है कि हत्यारों ने विकलांग बेटी और गर्भवती बहू के साथ रेप भी किया है। क्योंकि, इन दोनों के शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। वारदात शहर मुख्यालय से 40 किमी. दूर थरवई थाना क्षेत्र के खेवराजपुर गांव की है। अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद घर में आग लगा दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि थरवई थाने की पुलिस को सुबह साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि एक घर में चार-पांच लोग मृत अवस्था में मिले हैं। इस सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर घर के मुखिया राजकुमार, उनकी पत्नी, उनकी बहू, उनकी बेटी और उनकी एक नातिन- कुल पांच लोग मृत पाए गए और राजकुमार की एक नातिन जिसकी उम्र पांच साल है, वह जीवित है।
UP | We received info about the incident at around 5.30 am. After reaching the spot,we found that a person named Rajkumar, his wife Kusum,daughter-in-law, daughter&granddaughter were found dead. Rajkumar's second granddaughter who is 5 years old is alive: Prayagraj SSP Ajay Kumar pic.twitter.com/U7uEDZApP5
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) April 23, 2022
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना
थरवई की इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘आज का अपराधनामा- प्रयागराज में फिर सामूहिक हत्या, एक परिवार के पांच लोगों का गला रेता, शवों को जलाने के लिए घर में लगा दी आग।’’
थरवई थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में राजकुमार यादव (55 वर्ष), राजकुमार की बेटी मनीषा (25 वर्ष), राजकुमार की पत्नी कुसुम (50 वर्ष), राजकुमार की बहू सविता (30 वर्ष) और राजकुमार की नातिन मीताक्षी (दो वर्ष) शामिल हैं। वहीं राजकुमार की दूसरी नातिन पांच वर्षीय साक्षी सुरक्षित और जीवित है।
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में कथित रूप से एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या की गई है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 23, 2022
प्रयागराज के SSP अजय कुमार ने कहा, पूरा मामला थरवई ज़िला का है, सुबह 5 बजे पुलिस को ख़बर मिली थी कि एक ही परिवार के 5 लोग मृत अवस्था में पाए गए हैं।" pic.twitter.com/Rco7BgSXQ7
जांच के लिए बना गईं सात टीमें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि घर के बेडरूम में आग भी लगी हुई थी जिसे दमकल द्वारा बुझा दिया गया। उन्होंने बताया कि सविता के मायके वाले और घर के लोग यहां पहुंच गए हैं और उनसे बातचीत की जा रही है। वे जो भी तहरीर देंगे, उस पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पूरे मामले को देखने के लिए सात टीमें बनाई गई हैं। फील्ड यूनिट और ‘श्वान दल’ ने भी सबूत एकत्र कर लिए हैं।
शवों के शरीर पर चोटों के निशान थे
उन्होंने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि हत्या कैसे की गई। मृतकों की चोटों को देखकर लग रहा है कि डंडे से प्रहार किया गया है। सिर पर चोटों के निशान हैं। अजय कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी ताकि कोई सबूत ना छूटे।
शादी में जाने की वजह से मृतक राजकुमार का बेटा बच गया
थरवई थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजकुमार का पुत्र सुनील किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर था, इसलिए वह बच गया। सुनील की प्रयागराज में प्रयाग स्टेशन (घर से करीब 35 किमी. दूर) के पास पान की दुकान है। वह वहीं किराए पर मकान लेकर रहता है।
भाषा इनपुट के साथ