परतवाड़ा यौन शोषण कांडः उधारी के पैसे के फेर में उजागर सेक्स कांड, अयान की 8 लड़कियों से दोस्ती और 2 के साथ बनाए शारीरिक संबंध?, दोस्तों ने ही वायरल किए वीडियो
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 17, 2026 14:06 IST2026-04-17T14:05:01+5:302026-04-17T14:06:33+5:30
पुलिस ने मानव सुगंधे (20,आर्वी, वर्धा), अफाज खान मंजूर खान (26), मोहम्मद इमरान मोहम्मद साजिद (21) और शेख नावेद शेख हसन (21) को भी गिरफ्तार कर लिया है. सभी को अदालत ने 23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

file photo
नासिर हुसैन
अमरावती: परतवाड़ा यौन शोषण प्रकरण ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है. मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद सहित उसके तीन साथियों उजैर खान इकबाल खान, मोहम्मद साद मोहम्मद साबिर और तबरेज खान तसलीम खान को 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. एसआईटी की अलग-अलग टीमें आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं. मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. चौंकाने वाला पहलू यह है कि मामले का खुलासा उधारी के पैसों के विवाद को लेकर हुआ. अयान ने अपने दोस्तों से 40 हजार रुपए उधार लिए थे.
30 हजार रुपए लौटा दिए थे, लेकिन 10 हजार रुपए के लिए टालमटोल कर रहा था. इसे लेकर उजैर से उसका विवाद हुआ. इस दौरान उजैर ने अयान के हाथों से मोबाइल छीन लिया. मोबाइल की जांच करने पर उजैर को कई आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिले. उसने ये वीडियो अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिए. बाद में अपने साथियों मोहम्मद साद और तबरेज खान को भी भेज दिए.
बार-बार पैसे मांगने के बावजूद जब अयान ने बकाया रकम नहीं चुकाई तो तीनों ने उसे बदनाम करने की मंशा से अश्लील वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुपों में वायरल कर दिए. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से अब तक 18 आपत्तिजनक वीडियो और 39 फोटो जब्त किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि अयान की 8 लड़कियों से दोस्ती थी, जिनमें से 2 के साथ उसने शारीरिक संबंध बनाए.
चार और गिरफ्तार, 23 तक पुलिस हिरासत
पुलिस ने मानव सुगंधे (20,आर्वी, वर्धा), अफाज खान मंजूर खान (26), मोहम्मद इमरान मोहम्मद साजिद (21) और शेख नावेद शेख हसन (21) को भी गिरफ्तार कर लिया है. सभी को अदालत ने 23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
रईसों की जीवनशैली का दिखावा कर फंसाया
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उसके अनुसार आरोपी अयान सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग लड़कियों से संपर्क करता था. थोड़ी-बहुत अंग्रेजी की जानकारी और रईसों की जीवनशैली का दिखावा कर जाल में फंसाता था. दोस्ती की आड़ में आपत्तिजनक वीडियो और फोटो तैयार करता था.
12वीं पास, अलग-अलग कारों का करता था इस्तेमाल
अयान माता-पिता के साथ परतवाड़ा के गटरमलपुरा क्षेत्र में नानी के घर में रह रहा था. वह इकलौती संतान है. उसने 12वीं तक पढ़ाई की है. बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था, लेकिन कभी कालेज नहीं गया. उसके पिता तनवीर अहमद पुराने और नए वाहनों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं, जिसके चलते उसे अलग-अलग कारें चलाने का मौका मिलता था. आलीशान कारों में घुमा कर वह लड़कियों को प्रभावित करता था.