पुणे अस्पताल में बम रखने वाला आरोपी शिवाजी राठौड़ गिरफ्तार, शालीमार एक्सप्रेस से दबोचा

By फहीम ख़ान | Updated: May 15, 2026 16:50 IST2026-05-15T16:49:59+5:302026-05-15T16:50:39+5:30

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में संदिग्ध विस्फोटक मिलने के बाद पुणे पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी.

Shivaji Rathod, accused planting bomb Pune hospital, arrested from Shalimar Express | पुणे अस्पताल में बम रखने वाला आरोपी शिवाजी राठौड़ गिरफ्तार, शालीमार एक्सप्रेस से दबोचा

सांकेतिक फोटो

Highlightsशालीमार एक्सप्रेस से नागपुर की ओर आ रहा था.ट्रेल के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.

नागपुर: पुणे के हडपसर इलाके के एक अस्पताल में कथित रूप से जिंदा बम रखने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी शिवाजी राठौड़ को विदर्भ के वर्धा जिले के पुलगांव रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी को उस समय दबोचा गया, जब वह शालीमार एक्सप्रेस से नागपुर की ओर आ रहा था.

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में संदिग्ध विस्फोटक मिलने के बाद पुणे पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी. जांच के दौरान 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और 15 से 18 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई. तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ट्रेन संख्या 18029 शालीमार एक्सप्रेस में सफर कर रहा था. इसकी सूचना मिलते ही नागपुर एटीएस, पुणे एटीएस, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया. पुलगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया.

प्राथमिक जांच में अब तक किसी आतंकी संगठन से आरोपी का संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला व्यक्तिगत विवाद और दहशत फैलाने की मंशा से जुड़ा हो सकता है. अस्पताल प्रबंधन या कर्मचारियों के साथ किसी पुराने विवाद के एंगल से भी जांच की जा रही है.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हडपसर के एक अस्पताल में संदिग्ध बम मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया था. एहतियात के तौर पर अस्पताल खाली कराया गया था और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था. घटना के बाद मरीजों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई थी. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक कहां से लाया गया और इस पूरी साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.

Web Title: Shivaji Rathod, accused planting bomb Pune hospital, arrested from Shalimar Express

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे