Sangli: महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। चोरी के शक में एक 10 वर्षीय बेटी की उसके पिता द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद कथित तौर पर मौत हो गई। आरोपी की पहचान किसान दादू उर्फ नाना यमगर के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उसने महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराने के शक में अपनी बेटी को घर के अंदर उल्टा लटका दिया और पूरी रात उसे उसी स्थिति में रखा।
रात भर दोनों मासूम पानी के लिए चिल्लाते रही और मां-पिता को दया नहीं आई। रात में दर्द से एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी ने अपनी 11 वर्षीय बड़ी बेटी को भी इसी तरह प्रताड़ित किया। बच्ची बच गई और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
यह घटना गुरुवार को तब सामने आई जब अतपड़ी तालुका के डॉक्टरों ने बच्ची (जिसकी पहचान रुतुजा के रूप में हुई है) की मौत की सूचना पुलिस को दी। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।