पटनाः बिहार की राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में बुधवार को उस वक्त अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके शादीशुदा दोस्त के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। दरअसल, युवक झारखंड के दुमका का रहने वाला है और फिलहाल पटना में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा है। दोनों के बीच पुराने संबंध होने की बात सामने आई है, जिससे होटल परिसर में ही हंगामा शुरू हो गया। बताया जाता है कि घटना की शुरुआत तब हुई जब पति को अपनी पत्नी की गतिविधियों पर शक हुआ।
उसने पीछा किया और जब पुष्टि हो गई कि पत्नी होटल में किसी अन्य युवक के साथ है, तो उसने तुरंत 'डायल 112' पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही होटल के कमरे के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी छिपकर उस युवक के संपर्क में थी और लंबे समय से उसे धोखा दे रही थी।
जैसे ही इस बात की जानकारी महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को मिली, वे भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। होटल से लेकर थाने तक घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए।
पुलिस की मौजूदगी में भी परिजन आपस में भिड़ते नजर आए, जिससे स्थिति को संभालना अधिकारियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया। जक्कनपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पक्षों को थाने लाकर काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
महिला और उसके साथ मिले युवक, दोनों के शादीशुदा होने के कारण मामला और भी पेचीदा हो गया था। अंततः पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ और काउंसलिंग के बाद सभी को घर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्राप्त शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।