Bihar: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में रोंगटे खड़ी कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बहू ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दी है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। गुलफशा नाम की महिला ने अपनी सास शाबरा खातून की महज मामूली घरेलू विवाद में ऐसी बेरहमी से हत्या की कि पुलिस भी दंग रह गई। बताया जा रहा है कि सास अक्सर बहू के खराब व्यवहार की शिकायत अपने बेटे से करती थी, जिससे खुन्नस खाकर बहू ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, फुलवारीशरीफ की रहने वाली गुलफशा का अपनी सास शाबरा खातून से अक्सर झगड़ा और गाली-गलौज होता था। सास को बहू के व्यवहार से काफी नाराजगी थी और उन्होंने इस बात की जानकारी अपने बेटे को भी दी थी। इसी बात को लेकर बहू और ज्यादा आक्रोशित हो गई। बताया जा रहा है कि बहू गुलफशा ने सास को बहाने से घर में बुलाया और कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद उसने सास के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पूरे शरीर पर मिर्च पाउडर डाल दिया। इतना ही नहीं, उसने सास की आंखों और गुप्तांगों में भी मिर्च पाउडर लगा दिया, जिससे वह दर्द और जलन से तड़पने लगीं। इसके बाद बहू ने बेलन से जमकर पिटाई कर उन्हें अधमरा कर दिया और कमरे में बंद कर अपने बच्चों के साथ फरार हो गई। घटना की जानकारी पास में रहने वाली मृतका की बड़ी बेटी तमन्ना और नातिन को हुई।
वे तुरंत मौके पर पहुंचीं और शाबरा खातून को इलाज के लिए अस्पताल ले गईं। हालांकि उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। एक दिन बाद उन्हें एम्स ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। एम्स के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद फुलवारीशरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आरोपी बहू गुलफशा अपने बच्चों के साथ फरार बताई जा रही है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।