मेरठ जेल में मुलाकात के बहाने नशे की गोलियां आपूर्ति करते वकील गिरफ्तार, चप्पल के तल्ले में छिपाकर ले गया था नशे की 2400 गोलियां
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 18, 2022 12:10 PM2022-11-18T12:10:08+5:302022-11-18T12:16:04+5:30
डिप्टी जेलर राकेश वर्मा की तहरीर पर आरोपी वकील अनुज गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मेरठःउत्तर प्रदेश में मेरठ के चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में नशे की गोलियां आपूर्ति करते एक वकील को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वकील मिलने के बहाने नशे की गोलियां आपूर्ति करता था। इस घटना के बाद जेल में सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए गए हैं।
मेडिकल थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ ने शुक्रवार सुबह ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी अभियुक्त जागृति विहार निवासी वकील अनुज गुप्ता गुरुवार दोपहर चप्पल के तल्ले में नशे की 2400 गोलियां छिपाकर बंदी को देने के लिए जेल में आया था। शक होने पर सुरक्षाकर्मियों ने वकील की जांच की तो उन चप्पलों में नशें की 2400 गोलियां मिलीं। डिप्टी जेलर राकेश वर्मा की तहरीर पर आरोपी वकील अनुज गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
अखिलेश गौड़ के मुताबिक चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में शराब माफिया साजन उर्फ लुक्का बंद है। लुक्का से मिलने उसके वकील अनुज गुप्ता गुरुवार को जिला जेल पहुंचे। गौड़ ने कहा कि वकील मिलने के बहाने कैदी साजन उर्फ लुक्का को नशे की गोलियां देने आया था, लेकिन उसे पहले ही पकड़ लिया गया। जेलर मनीष सिंह ने बताया कि इस घटना के बाद जांच में और सख्ती की जाएगी।