गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर 37 में तीन वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने के बाद गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बच्ची को उसका पड़ोसी उसके घर से बहला- फुसलाकर पास के एक गांव में ले गया था। सेक्टर 37 पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाके में गुरुवार को एक साढ़े तीन साल की बच्ची को उसके घर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया और बलात्कार के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि 20 फरवरी को रात करीब 12:20 बजे सेक्टर 37 पुलिस स्टेशन को बच्ची के लापता होने की सूचना मिली। परिवार ने बाद में शिकायत दर्ज कराई कि एक पड़ोसी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप तुरान ने बताया, “शिकायत के आधार पर सेक्टर 37 पुलिस टीम ने उसी रात आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह सेक्टर 37 में एक कबाड़ कारखाने में काम करता है और 19 फरवरी की देर शाम को वह बच्ची को एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ बलात्कार करने के बाद सबूत मिटाने के लिए गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।”
पिता की शिकायत के आधार पर सेक्टर 37 पुलिस स्टेशन, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी पहचान बिहार निवासी शिवनाथ (25) के रूप में हुई है।