खुशियों में मातम: बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर हमला, सिर में गोली लगने से मौत, जानें पूरा मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 5, 2020 11:47 AM2020-02-05T11:47:57+5:302020-02-05T11:51:18+5:30
मंगलवार शाम 6 बजे बारात घर से निकली, बारात की गाड़ियों के साथ-साथ दूल्हे की कार भी आगे-आगे चल रही थी। रात करीब 9 बजे दूल्हे पर दो बाइक सवारों ने बंदूक से फायरिंग कर दी।
शादी का दिन हर इंसान के जीवन का सबसे खुशी का दिन होता है। शादी वाले दिन दूल्हा-दुल्हन के अलावा परिवार के लोगों के बीच भी खुशियों का माहौल रहता है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से शादी वाले दिन ही दूल्हे की हत्या की खबर सामने आई है। इस खबर के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद शादी में शरीक होने आए परिवार वालों और दोस्तों की खुशी मातम में बदल गई। इस घटना के बाद से पुलिस हमलवार की तलाश में जुट गई है।
दरअसल, सिंहपुर गांव निवासी हरीश चंद्र गुप्ता के 25 वर्षीय बेटे सुमित गुप्ता की शादी के दौरान यह घटना घटी। सुमित बारात लेकर लालगंज बाजार जा रहा था, जहां उसकी शादी लाल बहादुर गुप्ता की बेटी तय हुई थी। मंगलवार शाम 6 बजे बारात घर से निकली, बारात की गाड़ियों के साथ-साथ दूल्हे की कार भी आगे-आगे चल रही थी। रात करीब 9 बजे दूल्हे पर दो बाइक सवारों ने बंदूक से फायरिंग कर दी। मसीरपुर तिराहे के पास सुमित के सिर पर गोली लगी, जिसके बाद उसे पास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसकी वहीं मौत हो गई। दूल्हे की मौत की खबर सुनकर नाराज बारातियों ने अस्पताल में तोड़-फोड़ करना शुरू कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने आस-पास नाकाबंदी कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक प्रो. त्रिवेणी सिंह ने इस मामले को लेकर मृतक के परिजनों से कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।