दिल्ली: पिता के लिए केक खरीदने निकले शख्स की चाकू मारकर हत्या, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 3, 2021 01:15 PM2021-06-03T13:15:58+5:302021-06-03T13:28:11+5:30
दिल्ली में एक शख्स की बीच सड़क पर चाकू मारकर हत्या करने की वारदात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में 19 वर्षीय लड़के की चाकू घोंप कर हत्या का मामला सामने आया है। लड़का अपने पिता के जन्मदिन पर केक लेने के लिए निकला था तभी चार लोगों ने चाकू घोंप कर उसकी जान ले ली। ये घटना मंगलवार की है।
पुलिस ने इस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि एक लड़की को लेकर हुए झगड़े के बाद इन लोगों ने युवक पर जानलेवा हमला किया था।
पीड़ित की पहचान कुणाल के रूप में हुई है। वह जब घर से निकलकर अपने पिता के जन्मदिन पर केक लेने के लिए पेस्ट्री की दुकान की तरफ जा रहा था, तभी उसे चार लोगों ने घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। यह सारी घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी थी।
युवक पर चाकू से किए गए कई हमले
यह घटना साउथ दिल्ली के अम्बेडकर नगर की है। घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपियों ने कुणाल को कई बार चाकू से मारा। इस बीच कुणाल लगातार भागने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
पुलिस ने कहा कि पीड़ित के सीने, पीठ और पेट में चाकू से कई वार किए गए हैं। हमले के बाद उसे तुरन्त अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि अपराध में इस्तेमाल किए गए दो चाकू हाल ही में एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से खरीदे गए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच के बाद खुलासा हुआ कि आरोपी गौरव और पीड़ित कुणाल दोनों एक ही लड़की को पसंद करते थे और इसी वजह से दोनों के बीच दुश्मनी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट फ्लिपकार्ट के माध्यम से ऑनलाइन दो चाकू मंगाये थे। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।