दिल्ली:दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार के अंदर 3 शव मिले हैं। डीसीपी बाहरी जिला सचिन शर्मा ने बताया कि एक गाड़ी में 3 शव बरामद हुए हैं, जिसमें 2 पुरुष और एक महिला है। जांच की जा रही है। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष की उम्र लगभग 40 वर्ष थी, जबकि तीसरे व्यक्ति की उम्र लगभग 62 वर्ष बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जहर से उनकी मौत होने की आशंका है, क्योंकि घटनास्थल पर लूटपाट, चोरी या हाथापाई से संबंधित किसी प्रकार के तत्काल संकेत नहीं मिले। शव मिलने के बाद, पुलिस टीमों ने कार की गहन जांच की और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
दिल्ली पुलिस ने तीनों व्यक्तियों की पहचान कर ली है। 62 वर्षीय रणधीर, 42 वर्षीय शिवनरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी हैं। कार मृतक रणधीर की थी। रणधीर और शिवनरेश रणहौला के निवासी थे, जबकि लक्ष्मी जहांगीरपुरी की निवासी थीं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मियों को फ्लाईओवर पर एक लावारिस कार के बारे में सूचना मिली थी।