पटनाः बिहार में अब अपराधियों के बीच पुलिस का कहीं खौफ नजर नहीं आत है। अपराधी आम लोगों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला करने से नहीं हिचकते हैं। इसी क्रम में राजधानी पटना में नारकोटिक्स विभाग की टीम पर भी हमला कर दिया गया। दरअसल, नारकोटिक्स विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची थी, तभी स्थानीय लोगों और शरारती तत्वों ने 5 सदस्यीय टीम को घेर लिया। देखते ही देखते पत्थरबाजी और रोड़ेबाजी शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना राजधानी पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना अंतर्गत मंदिरी काठ पुल इलाके में मंगलवार को घटी।
नारकोटिक्स विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों और अपराधियों ने जबर्दस्त हमला कर पुलिस हिरासत से अपराधियों को छुड़ाने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना ने एक बार फिर शहर में अपराधियों के बुलंद हौसलों और पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जाता है कि नारकोटिक्स विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मंदिरी इलाके में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। इसी आधार पर टीम ने सिन्हा कोठी के पास छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। जैसे ही पुलिस उन्हें ले जाने लगी, वहां मौजूद असामाजिक तत्वों और स्थानीय लोगों की भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया।
भीड़ का मकसद पकड़े गए तस्करों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाना था। हमले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने हवा में हवाई फायरिंग की, जिससे भीड़ में भगदड़ मच गई। फायरिंग की गूंज से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को सुरक्षित वाहन में बिठाया।
बुद्ध कॉलोनी थाने ले आई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इस पूरे मामले पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग की टीम छापेमारी के लिए गई थी, जहां पुलिस पर हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने पुष्टि की कि आत्मरक्षार्थ और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की गई है।
डीएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले और तस्करों का साथ देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पटना के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े पुलिस टीम पर इस तरह का हमला यह दर्शाता है कि मादक पदार्थ तस्करों के बीच अब कानून का डर खत्म होता जा रहा है।
जिस पुलिस को देखकर अपराधी भागा करते थे, अब उन्हीं पर हमला कर उन्हें चुनौती दी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह इलाका लंबे समय से नशे के कारोबार का केंद्र बना हुआ है और पुलिस की इस कार्रवाई से तस्कर बौखलाए हुए हैं। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।