भिवाड़ीः राजस्थान के भिवाड़ी कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को रासायनिक कारखाने में आग लगने से सात मजदूर जिंदा जल गए। दो मजदूर अभी भी कारखाने के अंदर फंसे हुए हैं। यह आग भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करोली औद्योगिक क्षेत्र में लगी। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को नियमित गश्त के दौरान घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा, "नौ लोग अंदर फंसे हुए थे। अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं।" उन्होंने आगे बताया कि शेष दो मजदूरों को बचाने के लिए तेजी से प्रयास जारी हैं।
प्रधानमंत्री ने भिवाड़ी की फैक्टरी में आग लगने की घटना में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी कस्बे में एक रसायन फैक्टरी में आग लगने से सात श्रमिकों की मौत की घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर मोदी के हवाले से कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना, दुखद और बेहद अफसोसजनक है।