ठाणे में 40 वर्षीय शख्स ने आवारा कुत्ते का किया था यौन शोषण, अब कोर्ट ने सुनाई 6 महीने के जेल की सजा
By अनुराग आनंद | Published: January 13, 2021 07:58 AM2021-01-13T07:58:31+5:302021-01-13T13:11:20+5:30
ठाणे में एक शख्स ने जुलाई 2020 में सड़क पर जा रहे एक कुत्ते को पकड़कर उसका यौन शोषण किया था। अब इस मामले में कोर्ट ने सजा सुनाई है।
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदमी द्वारा आवारा कुत्ते के साथ यौन शोषण करने का यह मामला पिछले साल जुलाई माह का है, लेकिन इस मामले में अब अदालत ने आरोपी शख्स को सजा सुनाई है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस मामले के आरोप में यहां की एक अदालत ने 40 वर्षीय एक व्यक्ति को छह महीने कैद की सजा सुनाई है। सोमवार को जारी आदेश में ठाणे के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट वी पी खांदरे ने आरोपी विजय चालके को दोषी ठहराते हुए छह महीने साधारण कैद की सजा सुनाई।
आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा के तहत अपराध के लिये 1050 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अभियोजन के मुताबिक आरोपी ने जुलाई 2020 में सड़क से एक कुत्ते को पकड़कर उसका यौन उत्पीड़न किया। मजिस्ट्रेट ने इस मामले में शिकायतकर्ता की गवाही को मानते हुए आरोपी को सजा सुनाई।
इससे पहले भी पटना में इस तरह का मामला आया है सामने-
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब किसी इंसान ने किसी जानवर का यौन शोषण करने का प्रयास किया हो। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं। इसी तरह का एक मामला कुछ दिनों पहले बिहार की राजधानी पटना में सामने आया था। यहां एक गार्ड ने बेजुबान जानवर को अपनी हवस का शिकार बनाया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। गार्ड की इस हरकत का एक शख्स ने वीडियो भी बनाया था। इसके बावजूद पुलिस ने यह केस लेने से मना कर दिया था। लेकिन थाने के कई चक्कर लगाने के बाद पुलिस को यह मामला दर्ज़ करना पड़ा। यह घटना 1 नवंबर को पटना के बुद्ध मार्ग स्थित एक अपार्टमेंट की है।
नूंह में एक बकरी के साथ 8 लोगों ने किया था सामूहिक कुकर्म-
इंसानियत को शर्मसार कर देनेवाले एक नहीं अब तक कई मामले सामने आ चुके हैं। दो साल पहले जुलाई 2018 को हरियाणा के नूंह में हर कोई हैरान रह गया जिसने भी सुना कि एक बकरी के साथ 8 लोगों ने मानवता पर कलंक लगाने वाली हरकत की है। दरअसल, नूंह जिले में आठ लोगों ने एक बेजुबान जानवर से ऐसी दरिंदगी कर डाली जिससे उसकी मौत हो गई थी। खबरों के मुताबिक एक गर्भवती बकरी के साथ आठ लोगों ने कुकर्म कर दिया था। इस घटना के दूसरे दिन बकरी की मौत हो गई थी। बकरी के मालिक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया था।
(एजेंसी इनपुट)