हैदराबाद के कस्तूरबा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट से फरार हुई 14 महिलाएं, आधी रात को बाथरूम के खिड़की का ऐसे लिया सहारा; तलाशी में जुटी पुलिस
By आजाद खान | Updated: February 20, 2022 12:52 IST2022-02-20T12:48:50+5:302022-02-20T12:52:17+5:30
बताया जा रहा है कि फरार हुई महिलाएं पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की रहने वाली थी।

हैदराबाद के कस्तूरबा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट से फरार हुई 14 महिलाएं, आधी रात को बाथरूम के खिड़की का ऐसे लिया सहारा; तलाशी में जुटी पुलिस
हैदराबाद: हैदरशकोट स्थित कस्तूरबा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट से 14 महिलाओं के फरार होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार के आधी रात को घटी है जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी कैमरे में कैद वीडियो में यह देखा गया है कि कैसे महिलाएं एक एक करके बाथरूम के खिड़की के जरिए फरार हुई है। इस मामले में पुलिस में केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस महिलाओं की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
यह घटना रंगारेड्डी जिले के गंदीपेटा मंडल के हैदरशकोट स्थित कस्तूरबा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट में घटी है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे 14 महिलाओं ने भागने के लिए बाथरूम के खिड़की का सहारा लिया था। परिसर में लगाई गई सीसीटीवी में यह साफ देखा गया है कि कैसे महिलाएं खिड़के के शीशे को धीरे-धीरे हटाकर एक एक करके बाहर निकली थी और वहां से फरार हो गई थी। इस दौरान एक महिला घायल भी हो गई थी जो उनके साथ फरार नहीं हो पाई थी। शिकायत के बाद पुलिस महिलाओं को ढूंढ़ रही है।
18 महिलाओं को रखा गया था कड़ी सुरक्षा में
बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले ट्रस्ट में करीब 18 महिलाओं को कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। वहीं भागने वालों में अधिकांश महिलाएं पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की रहने वाली थी। आपको बता दें कि इन महिलाओं को पुलिस द्वारा हैदराबाद के विभिन्न ठिकानों से गिरफ्तार कर इस ट्रस्ट में रखा जाता है।
महिलाओं को पकड़ने के लिए दो टीमें बनाई गई
मामले में ट्रस्ट मैनेजर रामकृष्ण मूर्ति (Trust Manager Ramakrishna Murthy) ने शनिवार को इसकी शिकायत नरसिंग थाने में की थी। इस पर एसआई रविंदर का कहना है कि उन्होंने कार्रवाई के रूप में दो टीमों का गठन किया है जो उन फरार महिलाओं की तलाश में जुट गई है।