रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी 2026ः सनत सांगवान ने खेली 118 रन की पारी, मुंबई ने दिल्ली को 221 पर किया ढेर, मोहित अवस्थी ने 62 रन देकर झटके 5 विकेट

Ranji Trophy Group D 2026: 25 साल के बल्लेबाज ने वैभव कांडपाल (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की जिससे दिन की शुरुआत में दिल्ली की टीम मजबूत स्थिति में थी।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 29, 2026 20:35 IST2026-01-29T19:21:39+5:302026-01-29T20:35:38+5:30

Ranji Trophy Group D 2026 Sanat Sangwan smashed 118 as Mumbai bundled out Delhi for 221, Mohit Awasthi took 5 wickets for 62 runs | रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी 2026ः सनत सांगवान ने खेली 118 रन की पारी, मुंबई ने दिल्ली को 221 पर किया ढेर, मोहित अवस्थी ने 62 रन देकर झटके 5 विकेट

file photo

googleNewsNext
HighlightsRanji Trophy Group D 2026: तीसरी शतकीय पारी के दौरान 218 गेंद में 11 चौके और दो छक्के जड़े।Ranji Trophy Group D 2026: लंच के बाद छह ओवर के स्पैल में तीन विकेट लेकर दिल्ली के मध्यक्रम को झकझोर दिया।Ranji Trophy Group D 2026: पदार्पण कर रहे आर्यन राणा को पहली स्लिप में सरफराज खान के हाथों कैच कराया।

मुंबईः सनत सांगवान के शानदार शतक के बावजूद दिल्ली की टीम मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन बृहस्पतिवार को यहां अपनी पहली पारी में 221 रन पर सिमट गई।  मुंबई के लिए मोहित अवस्थी ने 62 रन पर पांच विकेट चटकाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुंबई ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 13 रन बना लिये थे। सांगवान ने 118 रन की पारी के साथ एक छोर संभाले रखा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का अच्छा साथ नहीं मिला। उन्होंने मौजूदा सत्र अपनी तीसरी शतकीय पारी के दौरान 218 गेंद में 11 चौके और दो छक्के जड़े।

इस 25 साल के बल्लेबाज ने वैभव कांडपाल (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की जिससे दिन की शुरुआत में दिल्ली की टीम मजबूत स्थिति में थी। पहले सत्र में दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 111 रन था। अवस्थी ने हालांकि लंच के बाद छह ओवर के स्पैल में तीन विकेट लेकर दिल्ली के मध्यक्रम को झकझोर दिया।

अवस्थी ने दिल्ली की कप्तानी कर रहे आयुष डोसेजा (शून्य) और सुमित माथुर (दो) को विकेट के पीछे कैच कराकर आउट किया। उन्होंने पदार्पण कर रहे आर्यन राणा को पहली स्लिप में सरफराज खान के हाथों कैच कराया। अवस्थी ने दो और विकेट लेकर अपना पांच विकेट पूरे करने के साथ दिल्ली की पारी समेट दी।

उन्हें अनुभवी शम्स मुलानी (45 रन पर दो विकेट) और तुषार देशपांडे (36 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला जिससे दिल्ली ने आखिर नौ विकेट 110 रन पर गंवा दिये। हैदराबाद ने मोहम्मद सिराज के 56 रन पर चार विकेट से छत्तीसगढ़ की पारी को 283 रन पर समेट दिया। छत्तीसगढ़ के लिए प्रतीक रावल ने 106 और विकल्प तिवारी ने 94 रन बनाये।

हैदराबाद ने इसके जवाब में बिना किसी नुकसान के 56 रन बना लिये। पुडुचेरी में करण कनन (37 रन पर पांच विकेट) और सागर उदेशी (54 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से राजस्थान को 164 रन पर आउट करने के बाद पुडुचेरी ने दो विकेट पर 77 रन बना लिये। जम्मू कश्मीर ने नादौन में हिमाचल प्रदेश को 168 रन पर आउट करने के बाद बिना किसी नुकसान के 20 रन बना लिये।

अमनजोत के अर्धशतक से पंजाब का मजबूत स्कोर

अमनजोत सिंह चहल के नाबाद 77 रन की मदद से पंजाब ने कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के आखिरी लीग मैच के पहले दिन नौ विकेट पर 303 रन बनाये । एक समय पर पंजाब का स्कोर छह विकेट पर 168 रन था लेकिन इसके बाद अमनजोत ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की ।

अभिजीत गर्ग (81) और कप्तान उदय सहारन (44) ने शीर्षक्रम पर अच्छी पारियां खेली लेकिन मध्यक्रम चल नहीं सका । इक्कीस वर्ष के अमनजोत ने इसके बाद हालांकि कर्नाटक के गेंदबाजों को खासा परेशान किया । पंजाब टीम में वापसी कर रहे इस हरफनमौला ने इससे पहले 2024 में दो मैच खेले थे ।

कर्नाटक के लिये विद्याधर पाटिल और श्रेयस गोपाल ने तीन तीन विकेट लिये । वहीं चंडीगढ़ में जयदेव उनादकट के चार विकेट की मदद से सौराष्ट्र ने चंडीगढ को 136 रन पर समेटने के बाद पहली पारी में एक विकेट पर 167 रन बना लिये हैं । हार्विक देसाई 80 और जय गोहिल 61 रन बनाकर खेल रहे हैं ।

जुरेल शतक से चूके, उत्तर प्रदेश के 237 रन

भारत के अंतरराष्ट्रीय स्टार ध्रुव जुरेल शतक से चार रन से चूक गए और उनकी टीम विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए के आखिरी लीग मैच में 237 रन पर आउट हो गई । विदर्भ के लिये बायें हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने छह विकेट चटकाये । पहले दिन का खेल समाप्त होने पर विदर्भ ने बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिये थे ।

पहले बल्लेबाजी चुनने वाली उत्तर प्रदेश टीम के छह विकेट एक समय 109 रन पर गिर गए थे । इसके बाद जुरेल और शिवम मावी (47) ने सातवें विकेट के लिये 92 रन की साझेदारी की । जुरेल ने अपनी पारी में 11 चौके लगाये । विदर्भ के लिये दुबे ने 19 . 5 ओवर में 63 रन देकर छह विकेट लिये ।

ग्रुप ए के एक अन्य मैच में सलेम में सुकीर्त पांडे के 222 गेंद में नाबाद 73 रन और निनाद राठवा के 112 गेंद में 66 रन की मदद से बड़ौदा ने तमिलनाडु के खिलाफ पांच विकेट पर 247 रन बनाये । दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 85 रन की साझेदारी की । सुकीर्त ने अतीत सेठ (नाबाद 45) के साथ 90 रन जोड़े ।

सोविमा में एक अन्य मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज चेतन बिष्ट के नाबाद 160 रन की मदद से नगालैंड ने आंध्र के खिलाफ छह विकेट पर 322 रन बनाये । बिष्ट ने अपनी पारी में 23 चौके और एक छक्का लगाया और डेगा निश्छल (74) के साथ पांचवें विकेट के लिये 167 रन जोड़े । वहीं जमशेदपुर में ओडिशा ने झारखंड के खिलाफ छह विकेट पर 242 रन बनाये ।

Open in app