रणजी ट्रॉफी: कर्नाटक के खिलाफ मैच में अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ के लिए कुछ रन जुटाने का बढ़िया मौका होगा। शॉ के लिए यह अंतिम रणजी मैच होगा, क्योंकि वह 10 जनवरी को भारत ‘ए’ टीम के साथ न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

By भाषा | Published: January 2, 2020 02:58 PM2020-01-02T14:58:13+5:302020-01-02T14:58:13+5:30

Ranji Trophy: Focus on Prithvi Shaw and Ajinkya Rahane as Mumbai take on Karnataka | रणजी ट्रॉफी: कर्नाटक के खिलाफ मैच में अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

रणजी ट्रॉफी: कर्नाटक के खिलाफ मैच में अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

googleNewsNext
Highlightsमुंबई की टीम शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में कर्नाटक के सामने होगी।सभी का ध्यान टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे और युवा खिलाड़ी पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन पर लगा होगा।

मुंबई की टीम जब शुक्रवार को मुंबई शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में कर्नाटक के सामने होगी तो सभी का ध्यान टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे और युवा खिलाड़ी पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन पर लगा होगा। रहाणे और शॉ दोनों रेलवे के खिलाफ पिछले रणजी ट्रॉफी मुकाबले में बल्ले से विफल रहे, जिसमें मुंबई को ढाई दिन के अंदर 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों के लिए कुछ रन जुटाने का बढ़िया मौका होगा। शॉ के लिए यह अंतिम रणजी मैच होगा, क्योंकि वह 10 जनवरी को भारत ‘ए’ टीम के साथ न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अच्छी शुरुआत तो हासिल की, लेकिन वह पिछले मैच में इसे लंबी पारी में नहीं बदल सके, जबकि उन्होंने बड़ौदा के खिलाफ टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में दोहरा शतक जड़ा था। रहाणे भी न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे और उनके लिए कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला फॉर्म हासिल करने के लिए अच्छा मंच प्रदान करेगा।

मुंबई को घरेलू मुकाबले में रेलवे के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद सभी विभागों में सुधार करने की जरूरत है। हालांकि 41 बार के रणजी चैंपियन को भारतीय खिलाड़ी श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी, जो भारतीय टीम के साथ होंगे। इनकी अनुपस्थिति में कप्तान सूर्यकुमार यादव, सिद्धेश लाड और अनुभवी आदित्य तारे के पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका होगा।

अगर सरफराज खान अंतिम एकादश में जगह बनाने में सफल रहते हैं तो उनके पास भी फायदा उठाने का मौका होगा। यादव भी 10 जनवरी को भारत ए टीम के साथ न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो जायेंगे। तुषार देशपांडे गेंदबाजों की अगुआई करेंगे। वहीं कर्नाटक को भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की सेवायें नहीं मिलेंगी, लेकिन उनके पास कप्तान करूण नायर, सलामी बल्लेबाज देवदत्त पड्डीकल जैसे खिलाड़ी होंगे।

अभिमन्यु मिथुन की अगुआई वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण मुंबई के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगा। कर्नाटक टीम से जुड़े सूत्रों के अनुसार बीसीसीआई ने आगामी सत्र को देखते हुए मयंक को आराम करने को कहा है इसलिए वह मैच में नहीं खेलेंगे।

Open in app