रांची, 24 जुलाई: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2017-18 के लिए बतौर टैक्स 12.17 करोड़ रुपये जमा कराये हैं। इसके साथ ही वह इस साल बिहार-झारखंड में सबसे ज्यादा टैक्स जमा करने वाले करदाता बन गए हैं। रांची में आयकर विभाग के अधिकारी ने ये जानकारी दी।
धोनी ने साल-2016 की शुरुआत में वनडे और टी20 टीम की कप्तानी छोड़ी थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार आयकर मुख्यालय (बिहार और झारखंड) के संयुक्त आयुक्त निशा ओरोन सिंगमार ने बताया, 'धोनी ने साल 2017-18 में व्यक्तिगत करदाता के तौर पर सबसे ज्यादा टैक्स जमा कराया है।'
यह भी पढ़ें- Ind Vs Eng: कोहली के एक बयान पर जेम्स एंडरसन ने क्यों बताया उन्हें 'झूठा', पूरी कहानी जानकर होंगे हैरान
संस्थागत आयकर दाताओं में झारखंड में सीसीएल नम्बर वन पर रहा। धोनी 37 साल के हैं और पिछले साल उन्होंने 10.93 करोड़ का आयकर जमा कराया था। इससे पहले धोनी 2013-14 वित्तीय वर्ष में भी सबसे ज्यादा आयकर जमा कराने वाले व्यक्ति थे। गौतरलब है कि फोर्ब्स ने 2015 में धोनी की कुल संपत्ति करीब 111 मिलियन डॉलर (करीब 758 करोड़ रुपये) आंकी थी। उस साल फोर्ब्स ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट में भी जगह दी थी।
साल-2011 में आईसीसी वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रहे धोनी फुटबॉल के इंडियन सुपर लीग (आईएसल) में भी एक फ्रेंचाइजी के मालिक हैं। साथ ही हॉकी इंडिया लीग में भी वह रांची रेज टीम के सह-मलिक हैं।
इसी साल चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान के तौर पर तीसरी बार आईपीएल खिताब जीतने वाले धोनी हाल में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा रहे। हालांकि, वनडे सीरीज में उनके फॉर्म को लेकर खासी आलोचना भी हुई और साथ ही संन्यास की भी अटकलें लगाई गईं। बाद में टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने इसे खारिज किया।
यह भी पढ़ें- इंग्लैंड में टीम इंडिया के बस ड्राइवर ने सचिन, कोहली और रैना के बारे में खोले ये राज, देखें वीडियो